राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नरवाना की छात्राओं ने दिखाया मैदान में दमखम
खेल प्रतियोगिता में नरवाना की बेटियों का जलवा, 400 मीटर दौड़ में नेहा ने जीता गोल्ड, कुश्ती और खो-खो में भी स्वर्ण पर कब्जा
नरवाना/न्यूज रिसोर्स /24 जुलाई 2026/नरेन्द्र जेठी
स्कूली खेल प्रतियोगिताओं में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नरवाना की छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा, कड़ी मेहनत और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार जीत हासिल की है। अंडर-14 और अंडर-17 दोनों आयु वर्गों में विद्यालय की छात्राओं ने शीर्ष स्थान प्राप्त कर पूरे विद्यालय और नरवाना क्षेत्र का नाम रोशन किया।
स्पर्धावार परिणाम व उपलब्धियों के अनुसार अंडर-14 आयु वर्ग में कुश्ती (39 किलोग्राम भार वर्ग) में विद्यालय की छात्रा जन्नत ने अपने दमदार दांव-पेच से प्रतिद्वंद्वियों को मात देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। बैडमिंटन में विद्यालय की अंडर-14 बैडमिंटन टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान पर रह कर रजत पदक प्राप्त किया।
अंडर-17 आयु वर्ग 400 मीटर दौड में एथलेटिक्स की 400 मीटर दौड़ में नेहा ने अपनी अद्भुत रफ्तार और क्षमता का परिचय देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। खो-खो-अंडर-17 खो-खो स्पर्धा में विद्यालय की टीम ने बेहतरीन रणनीतिक खेल और टीम वर्क के बल पर प्रथम स्थान स्वर्ण पदक जीता।
छात्राओं के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर बधाई देते हुए नोडल अधिकारी एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षक अनिल ढिल्लों ने कहा कि मैदान में हमारी बेटियों ने जिस एकाग्रता और ऊर्जा के साथ प्रदर्शन किया है, वह बेहद सराहनीय है। कुश्ती, खो-खो, एथलेटिक्स और बैडमिंटन जैसे विभिन्न खेलों में एक साथ पदक जीतना यह दर्शाता है कि हमारे विद्यालय में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।
यह जीत छात्राओं के अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। मुझे पूरा विश्वास है कि ये बेटियां आगामी जिला व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी अपनी जीत का परचम लहराएंगी।
प्रतियोगिता और विद्यालय की सफलता पर चर्चा करते हुए मीडिया समन्वयक अनिल शर्मा ने कहा कि सरकारी स्कूलों की बेटियों का खेलों में आगे आना और शीर्ष स्थान हासिल करना पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नरवाना की छात्राओं ने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिखाया है कि सही मार्गदर्शन मिले तो बेटियां हर क्षेत्र में मिसाल कायम कर सकती हैं।
इन प्रतिभावान खिलाडिय़ों की उपलब्धियों को सबके सामने लाना हमारे लिए गर्व की बात है ताकि अन्य छात्राओं को भी खेलों से जुडऩे की प्रेरणा मिले। छात्राओं की इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यालय की प्राचार्या मीनाक्षी एवं स्टाफ ने सभी विजेता खिलाडिय़ों और खेल प्रभारियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि बेटियों की यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गर्व का विषय है और विद्यालय प्रशासन खिलाडय़िों को हर संभव सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर रहेगा।

