फतेहाबाद के मेहुवाला में दर्दनाक हादसा: पानी के टैंक में डूबने से मां और दो मासूम बच्चों की मौत
भट्टू / 06 अगस्त 2026 (अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स): हरियाणा के फतेहाबाद जिला अंतर्गत भट्टू क्षेत्र के गांव मेहुवाला में गुरुवार शाम एक अत्यंत हृदयविदारक हादसा सामने आया है। घर में बने पानी के कुंड (टैंक) में डूबने से 31 वर्षीय महिला और उसके दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मासूम को बचाने के प्रयास में गई तीनों की जान प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। 8 वर्षीय विनीत खेलते-खेलते अचानक घर में बने पानी के कुंड में गिर गया। छोटे भाई को पानी में डूबता देख उसकी 10 वर्षीय बहन ज्योति बिना सोचे-समझे उसे बचाने के लिए कुंड में कूद पड़ी। दोनों बच्चों को पानी में छटपटाते देख उनकी मां सुदेश (31), पत्नी संदीप, भी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तुरंत कुंड में उतर गईं।
समय पर नहीं मिल सकी मदद घर में किसी अन्य व्यक्ति के न होने के कारण इस भयानक हादसे की भनक किसी पड़ोसी या ग्रामीण को समय रहते नहीं लग सकी। नतीजतन, तीनों की पानी में दम घुटने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतका सुदेश मूल रूप से भट्टू की ही रहने वाली थी और उसकी शादी मेहुवाला गांव में हुई थी।
पुलिस ने शुरू की जांच घटना की भनक लगते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की सहायता से तीनों शवों को कुंड से बाहर निकाला और कब्जे में लेकर आगामी कानूनी व जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।

