अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस विशेष
‘मेरी पहचान मेरी आजादी’ अभियान में महिलाओं को स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों ने उत्साह के साथ भाग लिया
महिला दिवस पर कालियावास गांव में मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम
प्योर हार्ट्स की पहल, महिलाओं को मेंस्ट्रुअल कप भेंट कर दी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की जानकारी
फतह सिंह उजाला
फरुखनगर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्योर हार्ट्स की ओर से गांव कालियावास (फर्रुखनगर) में मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शनिवार को आयोजित इस विशेष कैंप में ग्रामीण क्षेत्र की कई महिलाओं और युवतियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षित प्रबंधन के प्रति जागरूक करना तथा इस विषय से जुड़ी सामाजिक झिझक और भ्रांतियों को दूर करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों और संस्था के प्रतिनिधियों ने महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व, सुरक्षित विकल्पों और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। महिलाओं को बताया गया कि सही जानकारी और सही साधनों के उपयोग से न केवल स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। जानकारी देते हुए शालू जोहर साहनी ने बताया कि प्योर हार्ट्स की ओर से कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को मेंस्ट्रुअल कप गिफ्ट किए गए, ताकि वे सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प को अपना सकें।
और मेंस्ट्रुअल कप मिलने पर खुशी भी जताई
इस अवसर पर महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता अपनाने की शपथ भी दिलाई गई और उन्हें अपने परिवार तथा समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने बताया कि मेंस्ट्रुअल कप लंबे समय तक उपयोग किए जा सकते हैं और इससे प्लास्टिक व सैनिटरी कचरे में कमी आती है, जो पर्यावरण के लिए भी बेहतर है। कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने इस पहल का स्वागत किया और मेंस्ट्रुअल कप मिलने पर खुशी भी जताई। संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि “मेरी पहचान मेरी आज़ादी” अभियान के तहत महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से अब तक गुरुग्राम जिले की 15 हजार से अधिक महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता के बारे में जागरूक किया जा चुका है।

कार्यक्रम से महिलाओं को सही जानकारी मिल रही
कार्यक्रम में मौजूद आशा वर्कर सुदेश समेत महिला समूह की अन्य सदस्य भी उपस्थित रहीं। उन्होंने भी महिलाओं को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में शामिल महिला सुनीता ने कहा कि पहले मासिक धर्म से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा नहीं होती थी, लेकिन ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से महिलाओं को सही जानकारी मिल रही है। वहीं एक अन्य महिला ने कहा कि मेंस्ट्रुअल कप के बारे में जानकारी मिलने से उन्हें सुरक्षित और लंबे समय तक उपयोग होने वाले विकल्प के बारे में पता चला है।
स्वास्थ्य के लिए पर्यावरण अनुकूल आहार अपनाएं
महिलाओं ने यह भी कहा कि वे अब इस पर्यावरण अनुकूल विकल्प को अपनाकर अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण की सुरक्षा में भी योगदान देंगी और अन्य महिलाओं को भी इसके लिए प्रेरित करेंगी। संस्था ने बताया कि भविष्य में भी ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं और किशोरियों तक मासिक धर्म स्वच्छता से जुड़ी सही जानकारी पहुंचाई जा सके और समाज में इस विषय को लेकर सकारात्मक माहौल बनाया जा सके।
Add A Comment


