रेवाड़ी /26 अप्रैल /अटल हिन्द संवाददाता
राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच ने किसानों के लगातार बिगड़ते आर्थिक व सामाजिक हालातों में तुरंत सुधार लाने को लेकर मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री को पत्र लिखने का सर्वसम्मत फैसला लिया है । मंच के पदाधिकारियों की ‘मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान’ के दौरान किसानों से हुई बैठकों में उजागर ज्वलंत समस्याओं पर विचार करते हुए व्यापक जनहित में उक्त आशय का फैसला लिया गया ।
लगातार 2 दिनों तक स्थानीय अनाज मंडी में सैकड़ों किसानों ने राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच, कोर कमेटी के सदस्यों महेश कौशिक, बीके राम सिंह आदि से मुलाकातों एवं बैठकों में बातचीत के दौरान अपनी ज्वलंत समस्याओं का विस्तार से वर्णन किया । किसानों ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा गेहूं का एमएसपी रेट 2585 रुपए तथा सरसों का एमएसपी रेट 6200 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किये हैं । उन्होंने जोरदार मांग उठाई कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इन फसलों की खरीद एमएसपी रेट्स से नीचे हरगिज नहीं की जानी चाहिए । आरोप है कि अनेक किसानों की सरसों एमएसपी रेट से नीचे खरीद की गई है और यह सिलसिला अगर तत्काल रोका नहीं गया तो ऐसे कृत्य उन किसानों के साथ सरासर आर्थिक धोखाधड़ी,अन्याय सहित सरकार की नीतियों के उल्लंघन हैं । लोक सेवा मंच ने सरकार की नीतियों का पालन सुनिश्चित करने और किसानों को आर्थिक धोखाधड़ी एवं शोषण से बचाने के लिए खरीद प्रक्रिया की समयावधि तक अनाज मंडी में विजिलेंस एवं सिविल सोसाइटी के ईमानदार लोगों की टीमें तैनात करने का सुझाव भी दिया है ।
अनेक किसानों ने बताया कि प्रातः 11 से 3 बजे तक दोपहर का खाना उपलब्ध कराने के विषय में तो अनाज मंडी के ब्रास मार्केट की ओर खुलने वाले गेट पर अटल कैंटीन की व्यवस्था होने का बोर्ड लगा है मगर सुबह की चाय- नाश्ता तथा रात के खाने का कोई इंतजाम किसानों को नजर नहीं आया है । मंडी में आने वाले किसानों के लिए सुबह के चाय- नाश्ते और रात के खाने की भी निःशुल्क व्यवस्था तुरंत की जानी चाहिए । अनाज मंडी में आने वाले किसानों का स्वास्थ्य खराब होने की स्थिति में न कोई चिकित्सक दवाइयां उपलब्ध बताई जाती हैं । किसानों की मांग है कि तेज गर्मी और लू के इन दिनों में बीमार पड़ने की संभावना भी बहुत अधिक हो गई है , इसलिए निःशुल्क चिकित्सकों एवं डॉक्टर्स की व्यवस्था अनाज मंडी में तुरंत की जानी चाहिए । किसानों ने अन्य अनेक समस्याएं भी गिनाईं ।
सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान ,महेश कौशिक, बीके राम सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि अन्नदाता किसानों की समस्याओं का समाधान अति संवेदनशील ढंग से तुरंत किए जाने की जरूरत है । समाधान होने तक लोक सेवा मंच का मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान व्यापक जनहित में लगातार जारी रहेगा ।
Add A Comment


