जानकी दास राईस मिल्स ने सरकारी अस्पताल में लगवाया वाटर कूलर, मरीजों व परिजनों को मिलेगी राहत
तरावड़ी, /7 जून /कमल शर्मा
भीषण गर्मी के बीच मरीजों और उनके परिजनों को ठंडे पेयजल की सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद शाखा तरावड़ी के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी तरावड़ी में अत्याधुनिक वाटर कूलर स्थापित किया गया।
यह जनसेवा कार्य जानकी दास राईस मिल्स की ओर से करवाया गया, जिससे अस्पताल में आने वाले सैकड़ों लोगों को राहत मिलेगी। वाटर कूलर का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पंडित जगदीश चंद्र द्वारा विधिवत कराया गया। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एस.एम.ओ. डॉ. कैलाश गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जानकी दास राईस मिल्स के सी.एम.डी. जतिन सिंगला ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा मानव धर्म तथा पुण्य का कार्य माना गया है।
समाज ने हमें जो सम्मान और पहचान दी है, उसे समाज की सेवा में लौटाना हमारा नैतिक दायित्व है। जानकी दास राईस मिल्स भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान देता रहेगा। हमारा प्रयास है कि जरूरतमंद लोगों तक सुविधाएं पहुंचें और समाज में सेवा की भावना और मजबूत हो।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में अस्पतालों में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध करवाना बेहद जरूरी है। इसी सोच के साथ यह वाटर कूलर भेंट किया गया है ताकि लोगों को राहत मिल सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भारत विकास परिषद शाखा तरावड़ी के अध्यक्ष विजय सिंगला ने जानकी दास राईस मिल्स का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जानकी दास राईस मिल्स केवल उद्योग जगत का नाम नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों और सेवा भाव का भी एक सशक्त उदाहरण है।
संस्था समय-समय पर समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाती रही है। ऐसे सहयोग से न केवल जरूरतमंदों को सुविधा मिलती है बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है। इस अवसर पर परिषद अध्यक्ष विजय सिंगला, मार्केट कमेटी सदस्य योगेश मिड्डा, कोषाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, सुरेंद्र बंसल (रिंकू), पी.के. भारद्वाज, सचिव मुकेश गर्ग, राकेश हंस, पंडित जगदीश चंद्र, डॉ. कैलाश गर्ग सहित परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

