हरियाणा सरकार के आठ विभागों तथा केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के दो विभागों में सरकारी धन के कथित दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में यह कार्रवाई की गई।
पंचकूला, 7 जून (अटल हिन्द ब्यूरो)।
हरियाणा में कथित सरकारी फंड अनियमितता मामले की जांच तेज करते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच एजेंसी ने चंडीगढ़, पंचकूला, दिल्ली-एनसीआर और नोएडा समेत कुल छह स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा सरकार के आठ विभागों तथा केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के दो विभागों में सरकारी धन के कथित दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में यह कार्रवाई की गई। सीबीआई ने हरियाणा कैडर के आईएएस अधिकारियों पंकज अग्रवाल, मोहम्मद शाइन, प्रदीप कुमार तथा आईएफएस अधिकारी नवनीत कुमार श्रीवास्तव से जुड़े परिसरों की तलाशी ली।
सूत्रों के मुताबिक, पंचकूला के डीएलएफ वैली स्थित प्रदीप कुमार के आवास पर भी सीबीआई टीम पहुंची, लेकिन तलाशी के दौरान वह वहां मौजूद नहीं मिले।
जांच में मिले अहम दस्तावेज
छापेमारी के दौरान सीबीआई ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए हैं। जांच एजेंसी इन दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। माना जा रहा है कि इनके विश्लेषण से कथित घोटाले में अधिकारियों की भूमिका को लेकर नए तथ्य सामने आ सकते हैं।
बताया जा रहा है कि इस मामले में पहली बार आईएएस अधिकारियों के आवासों पर सीबीआई ने सीधे छापेमारी की है। इससे पहले जांच राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा की जा रही थी।
पांच अधिकारियों की जांच को मिली थी मंजूरी
हरियाणा सरकार ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17ए के तहत पांच आईएएस अधिकारियों—पंकज अग्रवाल, विनीत गर्ग, मोहम्मद शाइन, आर.के. सिंह और प्रदीप कुमार—की भूमिका की जांच के लिए सीबीआई को अनुमति प्रदान की थी।
दो अधिकारी पहले ही निलंबित
राज्य सरकार इस मामले में आईएएस अधिकारी आर.के. सिंह और प्रदीप कुमार को पहले ही निलंबित कर चुकी है। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पहलुओं की अलग से जांच कर रहा है।
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई ने मामले में तीन अन्य आईएएस अधिकारियों की संभावित भूमिका की जांच के लिए भी राज्य सरकार से अनुमति मांगी है। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


