दोपहर करीब 1 बजे फैक्ट्री में काम चल रहा था, तभी अचानक अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही मिनटों में वहां मौजूद कर्मचारी बेहोश होने लगे और फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई।
तिरुवल्लूर (तमिलनाडु)/21 जून 2026 अटल हिन्द ब्यूरो /एजेंसी
तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया, जब पेरियापलायम के पास स्थित एक निजी झींगा (सीफूड) एक्सपोर्ट फैक्ट्री में अमोनिया गैस का अचानक रिसाव हो गया। इस घटना में अब तक 7 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 40 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती हैं।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे फैक्ट्री में काम चल रहा था, तभी अचानक अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही मिनटों में वहां मौजूद कर्मचारी बेहोश होने लगे और फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी प्रभावित मजदूरों को तुरंत पास के दो निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, भर्ती किए गए मरीजों में से 7 की हालत बेहद गंभीर थी, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। फिलहाल 40 से ज्यादा मरीजों का इलाज जारी है, जिनमें कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार कुल 67 मजदूर प्रभावित हुए हैं। इनमें से 46 का इलाज वेल्स अस्पताल में और 21 का वेंकटेश्वर अस्पताल में चल रहा है। गंभीर रूप से बीमार 9 मरीजों को बेहतर इलाज के लिए चेन्नई के गवर्नमेंट स्टेनली मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
एक निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि भर्ती किए गए अधिकांश मरीज 24–25 वर्ष की युवा महिलाएं हैं। कई मरीजों को इंट्यूबेट किया गया है और कुछ वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। डॉक्टरों के अनुसार, मरीजों की स्थिति चिंताजनक जरूर है लेकिन उनकी पल्स और ब्लड प्रेशर मॉनिटर किया जा रहा है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। समिति में औद्योगिक सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे, जो 24 घंटे में प्रारंभिक रिपोर्ट और 3 दिनों में विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगे।
जिला कलेक्टर ने फैक्ट्री का दौरा कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की है। साथ ही घटना के कारणों और सुरक्षा मानकों में संभावित लापरवाही की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
ज करने के भी निर्देश दिए हैं।

