अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती पर श्रद्धांजलि समारोह,
राष्ट्रभक्ति और युवाओं को महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का दिया संदेश
नरवाना, 23 जुलाई 2026 नरेन्द्र जेठी/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
भारत की आज़ादी के महानायक, अमर क्रांतिकारी एवं वीर सपूत चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों ने महान क्रांतिकारी के अद्वितीय साहस, त्याग, राष्ट्रभक्ति और बलिदान को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का वातावरण राष्ट्रभक्ति के नारों और भारत माता की जय के उद्घोष से गूंज उठा। भाजपा जनकल्याण मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिलकधारी ने आज यहां बताया कि अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद केवल एक क्रांतिकारी नहीं थे, बल्कि वे भारत के स्वाभिमान, आत्मसम्मान और अदम्य साहस के प्रतीक थे।
उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए समर्पित कर दिया और अंतिम क्षण तक अंग्रेज़ी हुकूमत के सामने झुकने के बजाय अपने प्राणों का बलिदान देकर देशवासियों को स्वतंत्रता और स्वाभिमान का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आज़ाद का जीवन आज भी करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
यदि देश का युवा उनके आदर्शों, अनुशासन, साहस और राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन में अपनाए तो भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिलकधारी ने कहा कि आज देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और ऐसे समय में युवाओं को सकारात्मक सोच, राष्ट्रसेवा और समाजहित के कार्यों में बढ़-चढक़र भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि महापुरुषों का सम्मान केवल जयंती मनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
प्रदेश महामंत्री अशोक मेहरा ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में असंख्य वीरों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आज़ादी दिलाई। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। आने वाली पीढय़िों को भी इन महान विभूतियों के जीवन से परिचित कराना हम सभी का नैतिक दायित्व है, ताकि उनमें देशभक्ति, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना सुदृढ़ हो सके।
प्रदेश महामंत्री अशोक मेहरा ने भाजपा जनकल्याण मंच ने कहा कि भाजपा जनकल्याण मंच समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य कर रहा है।
संगठन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर राष्ट्रहित के कार्यों को गति देना और युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करना है। श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और समाज में भाईचारा, सद्भाव एवं राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अशोक शर्मा प्रिंसिपल, अमर गोयल पूर्व जिलाध्यक्ष, राजेश जैन, ऋषिराज बुड़ाकिया, अजय सिंघला, देवराज भाटिया, सुमित मित्तल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद का त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय, वंदे मातरम और अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद अमर रहें के गगनभेदी नारों के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे महापुरुषों के आदर्शों का अनुसरण करते हुए राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और जनसेवा के कार्यों में निरंतर योगदान देंगे तथा नई पीढ़ी को भी देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते रहेंगे।

