पुरानी हेलीमंडी अनाज मंडी के आढ़तियों को बड़ी राहत
लाइसेंस नवीकरण की अनुमति पर व्यापार मंडल मैं खुशी की लहर
मार्केट कमेटी पटौदी चेयरमैन मनोज मोकलवास का जताया आभार
पटौदी/गुरुग्राम /24 जुलाई 2026 /न्यूज रिसोर्स /फतह सिंह उजाला
नई अनाज मंडी एवं सब्जी मंडी जटौली के नोटिफाइड होने के बाद पुरानी अनाज मंडी में कारोबार को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच आढ़तियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। हरियाणा राज्य कृषि विपणन मंडल, पंचकुला द्वारा पुरानी हेलीमंडी अनाज मंडी के आढ़तियों के लाइसेंस नवीकरण की अनुमति प्रदान किए जाने पर व्यापार मंडल, जटौली मंडी ने मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचकर चेयरमैन मनोज मोकलवास का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं मिठाई खिलाकर धन्यवाद व्यक्त किया।
मार्केट कमेटी पटौदी चेयरमैन मनोज मोकलवास ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा गजट नोटिफिकेशन संख्या 3248, दिनांक 23 जून 2025 के तहत नई अनाज मंडी एवं सब्जी मंडी जटौली को आधिकारिक रूप से नोटिफाइड किया गया था। इसके बाद मंडी से संबंधित सभी कार्य नई अनाज मंडी में स्थानांतरित किए जाने थे और नियमानुसार पुरानी अनाज मंडी डी-नोटिफाइड मानी जाती है।
उन्होंने बताया कि इस विषय को गंभीरता से उठाते हुए हरियाणा की कैबिनेट मंत्री आरती सिंह राव तथा पटौदी विधायक बिमला चौधरी के सहयोग से हरियाणा राज्य कृषि विपणन मंडल, पंचकुला से पुरानी अनाज मंडी के सभी आढ़तियों के लाइसेंस नवीकरण की अनुमति प्राप्त कराई गई। इस निर्णय से अब आगामी मार्च 2027 तक पुरानी अनाज मंडी में पहले की तरह सभी मंडी संबंधी कार्य सुचारू रूप से जारी रह सकेंगे।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि इस अनुमति से व्यापारियों और आढ़तियों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से व्यापारी अपने कारोबार की निरंतरता को लेकर चिंतित थे, लेकिन अब वे बिना किसी व्यवधान के अपना व्यापार जारी रख सकेंगे। व्यापारियों ने इस उपलब्धि का श्रेय चेयरमैन मनोज मोकलवास के प्रयासों तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग को दिया।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी सचिव विपिन यादव, मंडी सुपरवाइजर कमल सिंह, जिला व्यापार मंडल प्रधान मुकेश शर्मा, व्यापार मंडल जटौली के प्रधान अजय मंगला, दिनेश गोयल, नीरज जिंदल, शिव कुमार, सुभाष सहित अनेक व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए इसी प्रकार सकारात्मक पहल जारी रहेगी।
Add A Comment

