जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने किया कुम्हेर के विभिन्न राजकीय कार्यालयों एवं चिकित्सालय का औचक निरीक्षण; व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
सीएचसी में अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी; बीसीएमओ व चिकित्सा अधिकारियों को कार्यप्रणाली सुधारने की सख्त हिदायत
उपखंड कार्यालय में 10 वर्ष पुराने प्रकरणों के त्वरित निस्तारण व भूमि अवाप्ति कार्यों की जानी प्रगति
डीग/21 अप्रैल /अटल हिन्द ब्यूरो
आमजन को गुणवत्तापूर्ण जन-सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता व गतिशीलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने मंगलवार को कुम्हेर उपखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उपखंड अधिकारी कार्यालय, तहसील और पंचायत समिति का सघन निरीक्षण किया।
चिकित्सालय की व्यवस्थाओं पर संज्ञान एवं कड़े निर्देश
जिला कलेक्टर ने देर शाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुम्हेर का औचक निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वार्डों में जाकर मरीजों से संवाद किया और अस्पताल प्रबंधन द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में फीडबैक प्राप्त किया। निरीक्षण के दौरान वार्डों में बेडशीट की अनुपलब्धता, परिसर में गंदगी तथा नर्सिंग स्टाफ के निर्धारित वेशभूषा में उपस्थित न होने जैसी अनियमितताओं पर जिला कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए बीसीएमओ सहित अन्य चिकित्सा अधिकारियों को सख्त हिदायत दी और चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही, परिसर में स्वच्छता बनाए रखने हेतु पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखवाने के निर्देश प्रदान किए।
उपखंड कार्यालय: लंबित प्रकरणों एवं भूमि अवाप्ति की समीक्षा
प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा के क्रम में जिला कलेक्टर ने उपखंड अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने एसडीएम न्यायालय के कार्यों का अवलोकन करते हुए 10 वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित पड़े न्यायालयीन प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र की महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने कुम्हेर बायपास, ग्राम हेलक और पला हवाई पट्टी के लिए की जा रही भूमि अवाप्ति की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली तथा इस प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
तहसील एवं पंचायत समिति: स्वच्छता और आधारभूत विकास पर जोर
जिला कलेक्टर ने तहसील कार्यालय का भी मुआयना किया। उन्होंने मॉडर्न रिकॉर्ड रूम की व्यवस्थाओं को देखा तथा महत्वपूर्ण राजस्व दस्तावेजों के उचित रखरखाव पर बल दिया। तहसील परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, डस्टबिन रखवाने और लंबे समय से इस्तेमाल में न आ रहे अनुपयोगी सामानों की नियमानुसार नीलामी करने के निर्देश दिए गए। पंचायत समिति कुम्हेर के निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। परिसर में हो रहे जलभराव की समस्या पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उन्होंने नगर पालिका कुम्हेर को जल निकासी का उचित और स्थायी प्रबंध करने हेतु पाबंद किया। साथ ही, पंचायत समिति स्थित पार्क की बढ़ी हुई झाड़ियों की कटाई-छंटाई कर उसे व्यवस्थित करने तथा प्रशासनिक बैठकों हेतु एक सर्वसुविधायुक्त कॉन्फ्रेंस रूम विकसित करने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान पंचायत समिति कुम्हेर परिसर में अधिक स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और इंटरलॉकिंग के निर्देश दिए गए। सीएचसी में ऐसी, कूलर, पंखे जो टीक से काम नहीं कर रहे उन्हें ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
Add A Comment


