टीबी मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य देश को टीबी मुक्त बनाना है जिसमें सभी ग्राम पंचायतें सक्रिय सहयोग करे : डॉ. रमन जैन
टीबी मुक्त अभियान में सक्रिय सहयोग देने के लिए खंड बाबैन की 21 ग्राम पंचायतें सम्मानित
बाबैन, 22 अप्रैल (सुरेश अरोड़ा) :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत कुरुक्षेत्र के उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, जिप चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, सीएमओ डा. सुखबीर सिंह ने खंड बाबैन की 21 पंचायतों को प्रशंसा पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। सम्मान कार्यक्रम में पहले साल टीबी मुक्त होने वाली पंचायत को ब्राउंज, लगातार दो साल टीबी मुक्त पंचायत को सिल्वर और लगातार 3 साल से टीबी मुक्त पंचायत को गोल्ड कैटेगिरी में रख कर सम्मानित किया गया है।
बाबैन के एसएमओ डॉ. रमन जैन ने बताया कि 2023 से जिला में टीबी मुक्त कुरुक्षेत्र अभियान चलाया जा रहा है जिसमें खंड बाबैन की पंचायतें बढ़ चढक़र सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सहयोग करने व अपने गांवों को टीबी मुक्त बनाने में सहयोग देने के लिए खंड बाबैन की ग्राम पंचायत बाबैन, महुवाखेड़ी, फालसंडा रांगडान, गुहन, सुनारिया, डेरा चांदपुरा, मंढोखरा, हरि सिंह माजरा, सूरजगढ़, बीरसुजरा, सुजरी, मंगोली रांगडान, रामपुरा, बरगट थलीपुर, बरगट जट्टान, राम नगर (156), बेरथली, लखमडी, सैनी माजरा, घिसरपडी व सिंबल वाल को सम्मानित किया।
डॉ. रमन जैन ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए सरकार द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान जनभागीदारी के बिना सफल नहीं हो सकता है। पंचायत ने जागरूकता फैलाने, मरीजों की पहचान करने और उनके उपचार में सहयोग देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जो अन्य गांवों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य देश को टीबी मुक्त बनाना है। इसके लिए प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और आम जनता मिलकर काम कर रहे हैं। ग्राम पंचायतों द्वारा किए गए प्रयास इस दिशा में एक सराहनीय पहल हैं। बाबैन के सरपंच संजीव सिंगला ने पंचायत प्रतिनिधियों की और जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे आगे भी इसी तरह समाज हित में कार्य करते रहेंगे और टीबी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करते रहेंगे।


