101 हस्तियों को मिलेगा ग्लोबल रोल मॉडल अवार्ड
“एक्सप्लोर इंडिया” अभियान के अंतर्गत जून माह की छुट्टियों के आयोजित होगा सम्मान समारोह
हरियाणा पर फोकस रहेगा इस बार के सम्मान समारोह का आयोजन
नरवाना 22 अप्रैल (नरेन्द्र जेठी)
समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले असली नायकों को पहचान देने के उद्देश्य से राह ग्रुप फाउंडेशन द्वारा वर्ष 2026 में अध्यापकों सहित कुल 101 चुनिंदा हस्तियों को ग्लोबल रोल मॉडल अवार्ड-2026 से सम्मानित किया जाएगा। यह भव्य आयोजन “एक्सप्लोर इंडिया” अभियान के अंतर्गत जून माह की छुट्टियों के दूसरे सप्ताह में चार दिवसीय कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा के प्रमुख स्थानों पंचकूला, चंडीगढ़ और मोरनी हिल्स में किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों को एक विशेष अनुभव मिल सके और अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए राह ग्रुप फाउंडेशन के चेयरमैन नरेश सेलपा?, अवार्ड समिति के संयोजक समाजसेवी डॉ0 अमित सैन व प्रदीप नैन तथा राह क्लबों के जिला जींद के प्रभारी राजेश टांक दनौदा ने बताया कि इस बार अवार्ड चयन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और व्यापक बनाया गया है। चयन के लिए पिछले तीन वर्षों की उपलब्धियों को मुख्य आधार बनाया गया है, ताकि निरंतर कार्य करने वाले लोगों को प्राथमिकता मिल सके।
25 अप्रैल से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया:–
उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवारों के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू होगी और आवेदन की अंतिम तिथि 25 मई 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद चयनित अवार्डियों के नामों की घोषणा 20 मई तक कर दी जाएगी। इस अवार्ड के लिए व्यक्तिगत प्रतिभागियों के साथ-साथ संस्थाएं और संगठन भी पात्र होंगे, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों को इस मंच से जोड़ा जा सके।
टांक ने बताया कि निम्नाकित क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान को मिलेगा सम्मान :–
ग्लोबल रोल मॉडल अवार्ड-2026 के अंतर्गत शिक्षा, विज्ञान, समाजसेवा, ग्राम विकास, नवाचार, पत्रकारिता, स्वास्थ्य, कला, खेल, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति अभियान, कन्या शिक्षा को बढ़ावा देने, समाज सुधार, रक्तदान, अंगदान और रोजगार सृजन जैसे अनेक महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में नहीं होंगे पारंपरिक वीआईपी मुख्य अतिथि :-
इस आयोजन की सबसे खास विशेषता यह है कि इसमें पारंपरिक “चीफ गेस्ट” संस्कृति को समाप्त कर दिया गया है। संस्था के चेयरमैन नरेश सेलपाड़ के अनुसार इस कार्यक्रम का केंद्र बिंदु केवल और केवल सम्मानित अवार्डी ही होंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अवार्डी को मंच पर अपनी जीवन यात्रा, संघर्ष और उपलब्धियों को साझा करने का अवसर दिया जाएगा। इससे कार्यक्रम केवल एक औपचारिक सम्मान समारोह न रहकर एक प्रेरणादायक संवाद का रूप लेगा। यह पहल उन आयोजनों से अलग है, जहां मुख्य फोकस वीआईपी मेहमानों पर होता है। यहां वास्तविक नायकों को मंच दिया जाएगा, जिससे युवा पीढ़ी को सीखने और आगे बढऩे की प्रेरणा मिलेगी।
हरियाणा में आयोजन से पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
राह ग्रुप फाउंडेशन द्वारा पहले इस प्रकार के आयोजन अन्य राज्यों में किए जाते थे, लेकिन इस बार विशेष रूप से हरियाणा राज्य पर फोकस किया गया है। इससे प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। पंचकूला, चंडीगढ़ और मोरनी हिल्स जैसे आकर्षक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होने से होटल उद्योग, स्थानीय व्यापार, हस्तशिल्प और परिवहन क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा। इसके अलावा, बाहर से आने वाले प्रतिभागियों और मेहमानों को हरियाणा की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
समाज के असली नायकों को मिलेगा मंच :–
आयोजकों के अनुसार ग्लोबल रोल मॉडल अवार्ड का उद्देश्य केवल सम्मान देना नहीं, बल्कि समाज के उन असली नायकों को सामने लाना है, जो बिना किसी स्वार्थ के समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रहे हैं। यह आयोजन न केवल सम्मानित व्यक्तियों के लिए गौरव का क्षण होगा, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणादायक पहल भी साबित होगा। इससे आने वाली पीढय़िों को यह संदेश मिलेगा कि सच्ची मेहनत, समर्पण और सेवा भावना से ही समाज में बदलाव लाया जा सकता है।
हरियाणा के दर्शनीय स्थलों के भ्रमण :–
इस दौरान अवार्डियों को विश्वप्रसिद्ध रॉक गार्डन, शांत एवं मनोरम सुखना लेक और खूबसूरती से सजे रोज गार्डन के भ्रमण करेंने के अवसर के साथ-साथ आधुनिक शहरी योजना, स्वच्छता और हरियाली उन्हें एक अलग अनुभव देगी। वहीं पंचकूला स्थित आस्था के केंद्र माता मनसा देवी मंदिर के दर्शन और यादविंद्रा गार्डन ( पिंजौर गार्डन) की ऐतिहासिक सुंदरता देखने का मिलेगी। इसी प्रकार मोरनी हिल्स में प्रतिभागी टिक्कर ताल जैसी झीलों, ठंडी जलवायु और प्राकृतिक वादियों का अनुभव करेंगे, साथ ही ट्रैकिंग व नेचर वॉक जैसी गतिविधियां रोमांच बढ़ाएंगी। इसके अतिरिक्त हरियाणा विधानसभा, पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय और कैपिटल कॉम्प्लेक्स का भ्रमण प्रतिभागियों को प्रशासनिक एवं स्थापत्य विरासत से रूबरू कराएगा, जो उन्हें नई प्रेरणा प्रदान करेगा।


