गुरुद्वारा सिंह सभा में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने गुरूद्वारा सिंह सभा में माथा टेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ्य जीवन एवं लम्बी उम्र की कामना की
संस्था द्वारा लगाई गई छबील में आमजन को पानी पिलाकर सेवा भी की कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों में भारत ने विकास, विश्वास, जन कल्याण, सुशासन और आत्मनिर्भरता की लिखी नई इबारत-कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी
नरवाना /10 जून /नरेन्द्र जेठी
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी, निर्णायक और जनकल्याणकारी नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
आज भारत दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है और वैश्विक मंच पर एक सशक्त, आत्मविश्वासी तथा प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों में भारत ने विकास, विश्वास, जन कल्याण, सुशासन और आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिखी है।
गुरुद्वारा सिंह सभा में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

सरकार की जनहितकारी योजनाओं ने समाज के अंतिम पंक्ति में खडे व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। इस दौरान उन्होंने गुरूद्वारा सिंह सभा में माथा टेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ्य जीवन एवं लम्बी उम्र की कामना की और संस्था द्वारा लगाई गई छबील में आमजन को पानी पिलाकर सेवा भी की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, किसान सम्मान निधि तथा डिजिटल इंडिया जैसी ऐतिहासिक योजनाओं ने करोडों भारतीयों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाकर उन्हें सम्मानजनक और बेहतर जीवन प्रदान किया है। आज देश में पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीक आधारित प्रशासन के माध्यम से सुशासन की नई मिसाल कायम हुई है।

कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि डिजिटल भुगतान, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण और भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंच रही है और इससे व्यवस्था में जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में भी भारत ने अपनी ताकत और दृढ इच्छाशक्ति का परिचय दिया है।
सीमाओं की सुरक्षा को सुदृढ करने, रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता बढ़ाने तथा आधुनिक सैन्य संसाधनों के विकास से देश की सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के अंतर्गत विनिर्माण, स्टार्टअप, नवाचार, डिजिटल तकनीक, अंतरिक्ष अनुसंधान, रक्षा उत्पादन और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में देश ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।

भारत आज नवाचार और उद्यमिता का वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ रहा है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश नई आशा, नए अवसर और नए संकल्प के साथ विकास, सुरक्षा और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। कार्यक्रम में गुरुद्वारा सिंह सभा के पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री को सिरोपा और तलवार भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष दिनेश गोयल, मोहनलाल गर्ग, धर्मवीर बात्ता, हंसराज समैण, सुरेश पांचाल, सुरेश दनौदा, तेजपाल शर्मा, विनोद राइका, अनिल शर्मा, एटवोकेट मंदीप चहल, सुशील नायक, कैबिनेट मंत्री के निजी सचिव मनोज कुमार, जसवीर नैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं गुरूद्वारा सिंह सभा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


