हैप्पी क्लासरूम की सीख से सशक्त होंगे शिक्षक, आइंस्टाइन वर्ल्ड स्कूल में सीबीएसई का क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित
विशेषज्ञों ने बताया :- सकारात्मक माहौल और नवीन शिक्षण तकनीकों से आसान बनती है पढ़ाई, शिक्षकों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग
तरावड़ी /26 जुलाई 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
आइंस्टाइन वर्ल्ड स्कूल में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के तत्वावधान में कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय हैप्पी क्लासरूम रहा, जिसका उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक, सकारात्मक और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का संचालन सीबीएसई द्वारा नामित रिसोर्स पर्सन कविता रानी एवं गरिमा रोहिला ने किया। इस अवसर पर विद्यालय की संचालक स्वाति मलिक, निशांत मलिक, प्रधानाचार्या श्वेता ढींगरा, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ-साथ नीलोखेड़ी एवं करनाल के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रिसोर्स पर्सन ने बताया कि किसी भी विद्यार्थी में सीखने की रुचि विकसित करने के लिए सबसे पहले कक्षा का वातावरण सकारात्मक, प्रेरणादायक और आनंदमय होना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों को नई शिक्षण तकनीकों, रचनात्मक गतिविधियों तथा सरल तरीकों के माध्यम से कठिन से कठिन विषय को भी सहज और रोचक ढंग से विद्यार्थियों तक पहुँचाने के गुर बताए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक को प्रतिदिन नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और उत्साह के साथ कक्षा में प्रवेश करना चाहिए, ताकि विद्यार्थी भी सीखने के लिए प्रेरित हों। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न शैक्षणिक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया गया,
जिनमें सभी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षकों ने इसे अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण से उन्हें अपने शिक्षण कार्य को और अधिक प्रभावी एवं विद्यार्थियों के अनुकूल बनाने की नई दिशा मिली।
Add A Comment

