एस.एम.एस. मेमोरियल पब्लिक स्कूल में रणनीति, धैर्य और एकाग्रता का शानदार प्रदर्शन, विद्यार्थियों ने दिखाया बौद्धिक कौशल
तरावड़ी, 26 जुलाई (रोहित लामसर)।
एस.एम.एस. मेमोरियल पब्लिक स्कूल तरावड़ी में शनिवार को विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, तार्किक सोच एवं निर्णय लेने की योग्यता को विकसित करने के उद्देश्य से इंटर हाउस शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनो अरावली, शिवालिक, नीलगिरि एवं हिमालय हाउस के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने हर चाल सोच-समझकर चली और अपनी एकाग्रता, धैर्य, सूझबूझ तथा रणनीतिक क्षमता का शानदार परिचय दिया। रोमांचक मुकाबलों में विद्यार्थियों ने अपनी मानसिक दक्षता और त्वरित निर्णय क्षमता से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता ने यह साबित किया कि शतरंज केवल खेल नहीं, बल्कि बुद्धिमत्ता, धैर्य और दूरदर्शिता का अद्भुत संगम है। कड़े मुकाबलों के बाद नीलगिरि हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंटर हाउस शतरंज प्रतियोगिता की ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की।
जीत के बाद विजेता हाउस के विद्यार्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई, जबकि अन्य सदनों के प्रतिभागियों ने भी खेल भावना का परिचय देते हुए विजेता टीम को बधाई दी। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. विभा कौशिक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शतरंज मानसिक विकास का सर्वोत्तम खेल है।
यह विद्यार्थियों में धैर्य, अनुशासन, एकाग्रता, तार्किक सोच और दूरदर्शिता का विकास करता है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना तथा चुनौतियों का विवेकपूर्ण ढंग से सामना करने का गुण विकसित करती हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को जीत-हार से ऊपर उठकर निरंतर सीखने और आगे बढ़ने का संदेश देते हुए नीलगिरि हाउस को शानदार सफलता के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम के अंत में विजेता खिलाड़ियों एवं नीलगिरि हाउस को ट्रॉफी एवं सम्मान देकर उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और यादगार साबित हुई।
Add A Comment

