पत्नी व बेटे की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार
वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवॉल्वर व 14 खाली कारतूस घटनास्थल से बरामद
आरोपी की पहचान अनिल तंवर निवासी अशोक विहार फेज-3, गुरुग्राम के रूप में हुई
पुलिस टीम ने आरोपी को अदालत में पेश कर 02 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया
गुरुग्राम / 07 जून /फतह सिंह उजाला
थाना सैक्टर-5, गुरुग्राम में एक सूचना प्राप्त हुई कि अशोक विहार फेज-3, गुरुग्राम में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी व बेटे को गोली मार दी है। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां पर ज्ञात हुआ कि घायलों का अस्पताल ले जाया गया है।
पुलिस टीम द्वारा फिंगरप्रिंट, सीन ऑफ क्राइम टीमों को घटनास्थल पर बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण करवाया गया तथा अस्पताल से मृतकों का ब्रोट डेड रुक्का प्राप्त किया।
मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाया गया। उपरोक्त घटना के संबंध में एक महिला ने पुलिस टीम को शिकायत के माध्यम से बतलाया कि यह अशोक विहार फेज-3, गुरुग्राम में अपने मायके आई हुई थी। 6 जून की रात को करीब 11:00 बजे इसके पिता अनिल तंवर व माता आशा थर्ड फ्लोर पर सोने के लिए चले गए तथा यह, इसका भाई प्रशांत व इसकी भाभी फर्स्ट फ्लोर पर थे।
कुछ समय पश्चात इनको इसके माता-पिता की झगड़ने की आवाज सुनाई दी। जिस पर यह थर्ड फ्लोर पर पहुंची। जहां पर इसके पिता ने इसकी माता के थप्पड़ मारे। आवाज सुनकर इसका भाई भी थर्ड फ्लोर पर आ गया तथा इसके पिता को समझने की कोशिश करने लगा। तभी इसके पिता अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर लेकर आए तथा इसकी मां व भाई को गोलियां मार दी।
जिसकी भाभी भी ऊपर आ गई । इन्होंने बीच बचाव का प्रयास किया लेकिन इसके पिता नहीं माने तो यह डरकर नीचे भाग गई। जब इसका पिता नीचे आए तो इन्होंने ऊपर जाकर देखा तो इसके भाई व माँ को गोलियां लगी हुई थी तथा खून से लथपथ पड़े थे। इसके पिता ने इसकी माता आशा उम्र 52 वर्ष व भाई प्रशांत उम्र 27 वर्ष की गोलियां मारकर हत्या कर दी। शिकायत पर थाना सैक्टर-5, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
थाना सैक्टर-5, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में आरोपी को संडे को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अनिल (उम्र-56 वर्ष) तंवर निवासी अशोक विहार फेज-3, गुरुग्राम के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी एक सिक्योरिटी कंपनी में सिक्योरिटी ऑफिसर के पद पर कार्यरत था। मृतका आशा रानी एक निजी स्कूल चलाती थी तथा उसी स्कूल में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत थी।
मृतक प्रशांत अपनी माता आशा रानी के साथ स्कूल के प्रबंधन एवं संचालन का कार्य संभालता था। आरोपी के परिवार में काफी समय से पारिवारिक मतभेद व घरेलू विवाद चल रहा था। दिनांक 06/07 जून की रात्रि को पत्नी के साथ हुए झगड़े के दौरान उसका पुत्र भी बीच-बचाव करने के लिए आ गया। इसी बात से गुस्से में आकर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से पत्नी व पुत्र पर फायरिंग कर दी, जिससे दोनों की मृत्यु हो गई।
पुलिस टीम द्वारा वारदात में प्रयोग की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर व 14 खाली कारतूस को घटनास्थल से कब्जा पुलिस में लिया गया है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को अदालत में पेश करके 02 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अभियोग में नियमानुसार आगामी जांच कार्यवाही की जा रही है। अभियोग का अनुसंधान जारी है।
Add A Comment


