कुरुक्षेत्र में SDG की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
कुरुक्षेत्र /05 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स /शशि अरोड़ा
सेक्टर-3 में कैथल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में तैनात SDO हरप्रीत (हरजीत) की पत्नी काजल (24) की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटककर मौत हो गई। शादी के महज आठ महीने बाद हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। मौके से रसोई में रखा एक नैपकिन मिला है, जिस पर अंग्रेजी में “I am not well, sorry…” लिखा हुआ है।
पुलिस ने मृतका के पिता और भाई की शिकायत पर पति व सास-ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

मायके पक्ष के गंभीर आरोप:
दहेज की मांग: भाई इंद्र कुमार का आरोप है कि हैसियत से बढ़कर 8 लाख रुपये की कार और दहेज देने के बावजूद पति छोटी गाड़ी का ताना देता था।
अवैध संबंध व हत्या की साजिश: मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि पति के किसी अन्य लड़की से संबंध थे और वह रात में देर से घर आता था। उनका दावा है कि सोची-समझी साजिश के तहत सास-ससुर को एक महीने पहले ऑस्ट्रेलिया भेजा गया ताकि घर खाली रहे।
संदिग्ध परिस्थितियां: पिता ने नैपकिन की हैंडराइटिंग को काजल का मानने से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि मौके पर काजल के पैर बेड से टिके हुए थे और कमरे की कुंडी खुली थी, जिससे हत्या कर शव लटकाए जाने का अंदेशा है।
ससुराल पक्ष का पक्ष (ननद याशमीन का बयान):
आरोपों को खारिज किया: ननद याशमीन ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि घर पर काजल अकेली ही रहती थी क्योंकि सास-ससुर विदेश में हैं और पति ड्यूटी पर रहता था।
आपसी संबंध और जन्मदिन: उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले ही हरजीत ने धूमधाम से काजल का जन्मदिन मनाया था। काजल एमए-बीएड थी और उसे आगे पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाता था। घटना से एक दिन पहले ही वह खुशी-खुशी मायके से लौटी थी।
पुलिस कार्रवाई:
थाना सदर थानेसर के प्रभारी रणधीर सिंह के अनुसार, फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। नैपकिन पर मिली लिखावट की हैंडराइटिंग जांच कराई जा रही है और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

