रेवाड़ी के धारूहेड़ा में ₹2.75 करोड़ के फायर स्टेशन और ₹2.60 करोड़ के बिजली विभाग SDO कार्यालय भवन का उद्घाटन।
अटल हिन्द / मनोज गोयल / रेवाड़ी, 4 अगस्त:
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आशीर्वाद एवं रेवाड़ी के विधायक तथा भाजपा हरियाणा प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह यादव के अथक प्रयासों से धारूहेड़ा को दो बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है।
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने लगभग ₹2.75 करोड़ की लागत से निर्मित नए फायर स्टेशन तथा लगभग ₹2.60 करोड़ की लागत से बने बिजली विभाग के नए एसडीओ कार्यालय भवन का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां आधुनिक फायर स्टेशन की लंबे समय से आवश्यकता थी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी दी और आज इसके शुरू होने से आसपास की औद्योगिक इकाइयों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा ग्रामीण क्षेत्रों को आगजनी जैसी आपात स्थितियों में त्वरित राहत और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के नए एसडीओ कार्यालय के शुरू होने से उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं मिलेंगी तथा विभागीय कार्यों में तेजी आएगी और यह भवन क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
बिजली व्यवस्था की समीक्षा और निर्देश
उद्घाटन कार्यक्रम के बाद विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने मौके पर ही बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जर्जर बिजली के तारों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाए,
घरों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइनों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए, बार-बार आने वाले फॉल्टों का स्थायी समाधान किया जाए, आवश्यकता वाले स्थानों पर नए बिजली के पोल लगाए जाएं तथा क्षेत्र में निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा अधिकारियों को सभी लंबित समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश भी दिए गए।
स्थानीय नागरिकों ने जताया आभार
स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के प्रयासों की सराहना की। लोगों ने कहा कि इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं से धारूहेड़ा की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बिजली सेवाओं में सुधार आएगा तथा औद्योगिक और शहरी विकास को नई गति मिलेगी।

