विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में भीषण हादसा, खौलता लिक्विड स्टील गिरने से 9 श्रमिकों की मौत
विशाखापत्तनम, 8 जून। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में सोमवार शाम एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे में 9 श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब अत्यधिक तापमान पर खौल रहे लिक्विड स्टील को क्रेन की सहायता से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4:15 बजे स्टील प्लांट के एसएमएस-2 (SMS-2) एवं एसटीसी-3 (STC-3) हीट एफजी विभाग में कार्य के दौरान लगभग 1,500 डिग्री सेल्सियस तापमान वाले पिघले हुए स्टील से भरा लैडल (विशाल पात्र) अचानक असंतुलित हो गया। इसके चलते खौलता हुआ लिक्विड स्टील नीचे कार्यरत कर्मचारियों पर गिर पड़ा।
हादसे के तुरंत बाद प्लांट परिसर में आग लग गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया तथा घायलों को तत्काल विशाखापत्तनम स्टील प्लांट अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतकों की पहचान अप्पाराव, प्रभाकर राव, कृष्णा, रमना, त्रिनाथ, अप्पालाराजू और कुमार के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
वहीं, आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वंगालापुडी अनीता ने भी घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से हादसे की विस्तृत जानकारी ली और तत्काल विशाखापत्तनम के लिए रवाना हो गईं।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर लैडल के असंतुलित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


