आईटीआई की लाइब्रेरी व वर्कशॉप अब आमजन के लिए भी उपलब्ध : प्रधानाचार्य ओमपाल
नरवाना /6 मार्च/नरेंद्र जेठी
प्रधानाचार्य ओमपाल ने बताया कि युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग, हरियाणा के निर्देशानुसार राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नरवाना की लाइब्रेरी तथा विभिन्न इंजीनियरिंग ट्रेड की वर्कशॉप अब आम जनता के लिए भी उपलब्ध करवाई जा रही है। इच्छुक नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से संस्थान की लाइब्रेरी, वर्कशॉप और मशीनरी की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ निर्धारित शुल्क देकर इन सुविधाओं का उपयोग कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति केवल लाइब्रेरी में बैठकर अध्ययन करने के लिए 100 रुपये प्रतिमाह, लाइब्रेरी स्थान के साथ पुस्तक सुविधा के लिए 500 रुपये प्रतिमाह तथा संस्थान के कार्यदिवसों में वर्कशॉप उपयोग के लिए 300 रुपये प्रतिमाह शुल्क अदा कर इन सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। इससे युवाओं और आम नागरिकों को तकनीकी संसाधनों का उपयोग करने तथा अपने कौशल को निखारने का अवसर मिलेगा।
प्रधानाचार्य ने बताया कि इन सुविधाओं का लाभ लेने के लिए आवेदक का हरियाणा का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। प्रार्थी लाइब्रेरी में बैठकर अध्ययन करने, पुस्तकें जारी करवाने और वर्कशॉप की विभिन्न मशीनरी का उपयोग करने की सुविधा ले सकते हैं।
वर्कशॉप में वेल्डर, कारपेंटर, इलेक्ट्रीशियन, सिलाई एवं कढ़ाई, मोटर मैकेनिक व्हीकल, फिटर, प्लंबर, टर्नर और मशीनिस्ट जैसे ट्रेडों के उपकरणों का उपयोग किया जा सकेगा।
हालांकि, वर्कशॉप में इस्तेमाल होने वाले रॉ मटेरियल का भुगतान आवेदक को स्वयं करना होगा।
इस संबंध में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नरवाना के प्रधानाचार्य ओमपाल ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति इस मासिक प्रीपेड लाइब्रेरी या वर्कशॉप की सुविधा के लिए आईटीआई हरियाणा की वेबसाइट www.itiharyana.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं अथवा किसी भी कार्य दिवस पर संस्थान के कार्यालय या लाइब्रेरी में सीधे संपर्क कर सकते हैं।


