पूर्वोत्तर की छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां
समाज के सर्वांगीण विकास और राष्ट्रीय एकात्मता का सशक्त संदेश दिया
वनवासी कल्याण आश्रम ने रखा जनजातीय विकास का व्यापक परिप्रेक्ष्य
देशभर के जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सतत कार्य
फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम 20 अप्रैल। वनवासी कल्याण आश्रम हरियाणा की गुरुग्राम इकाई द्वारा सेक्टर-14 स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित परिवार मिलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में पूर्वोत्तर राज्यों की छात्राओं ने अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास और राष्ट्रीय एकात्मता का सशक्त संदेश दिया गया। यह आयोजन आश्रम की गतिविधियों और उसके सेवा प्रकल्पों को समाज के सामने प्रभावी ढंग से रखने का एक महत्वपूर्ण अवसर बना। कार्यक्रम को पावन सान्निध्य हरियाणा के माननीय प्रांत संघचालक प्रताप का प्राप्त हुआ। इस अवसर पर अखिल भारतीय युवा कार्य प्रमुख, वनवासी कल्याण आश्रम वैभव सुरंगे ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने संबोधन में कहा कि वनवासी कल्याण आश्रम वर्ष 1952 से देशभर के जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सतत कार्य करता आ रहा है। उन्होंने बताया कि आश्रम गैर-सरकारी सहयोग से शिक्षा, चिकित्सा, ग्राम विकास, आर्थिक विकास और श्रद्धा जागरण जैसे क्षेत्रों में 22 हजार से अधिक सेवा प्रकल्पों के माध्यम से लगभग 2 करोड़ वनवासी बंधुओं को लाभान्वित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि कर्मयोगी बाला साहेब देशपांडे ने बहुत पहले यह अनुभव कर लिया था कि आत्मविस्मृति में खोए वनवासी समाज को जागृत करना आवश्यक है। उनके अनुसार, जनजातीय समाज को उसके गौरवपूर्ण इतिहास, पूर्वजों और परंपराओं से जोड़कर ही स्वाभिमान का पुनर्जागरण संभव है, और स्वावलंबन के माध्यम से ही भारत की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। उन्होंने कहा कि वनवासी समाज के विकास के बिना राष्ट्र का विकास अधूरा रहेगा और इसी दृष्टि से आश्रम जागृत वनवासी, समर्थ भारत के लक्ष्य को लेकर छोटे-छोटे प्रकल्पों के जरिए गांव-गांव में निस्वार्थ सेवा का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंजाबी बिरादरी महासंगठन, गुरुग्राम के अध्यक्ष बोधराज सीकरी रहे। उन्होंने अपने संबोधन में वनवासी कल्याण आश्रम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनजातीय समाज के उत्थान के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देते हैं, बल्कि देश की विविधता में एकता के भाव को भी मजबूत करते हैं।
राष्ट्रीय सांस्कृतिक एकात्मता का सुंदर उदाहरण
कार्यक्रम में उत्तर क्षेत्र नगरीय प्रमुख, वनवासी कल्याण आश्रम जय भगवान तथा भारतीय बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन के उपाध्यक्ष अनुप सिंह का भी सौजन्यपूर्ण सहयोग रहा। विशिष्ट अतिथियों में ओम स्वीट्स, गुरुग्राम के चेयरमैन ओमप्रकाश काथूरिया, भूतपूर्व चीफ जनरल मैनेजर टेलीकॉम डॉ. आर. सी. हुड्डा, भूतपूर्व डायरेक्टर जनरल, सीपीडब्ल्यूडी प्रभाकर सिंह, आरकेसीपीएल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक कृष्ण कुमार गोयल, हरियाणा शिक्षण संगठन के प्रांत अध्यक्ष यशपाल यादव, उद्योगपति शेखर तनेजा, श्रीनिवास, अमित भारद्वाज, आरती गुप्ता, तथा समाजसेवी सलूजा शामिल रहे। मंच संचालन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गुरुग्राम के विभाग प्रचार प्रमुख अनिल कश्यप ने किया। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण पूर्वोत्तर राज्यों की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। छात्राओं ने लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी परंपराओं, जीवन-मूल्यों और सांस्कृतिक वैभव की मनोहारी झलक पेश की। उपस्थित जनसमूह ने इन प्रस्तुतियों की सराहना की और इसे राष्ट्रीय सांस्कृतिक एकात्मता का सुंदर उदाहरण बताया।

22 हजार से अधिक परियोजनाएं संचालित
इस अवसर पर वनवासी कल्याण आश्रम की प्रमुख परियोजनाओं की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि आश्रम शिक्षा, आवासीय विद्यालय और छात्रावास, जल संरक्षण एवं प्रबंधन, स्वास्थ्य, खेल, ग्रामीण विकास, संस्कृति संरक्षण, औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र, कृषि विकास केंद्र, स्वयं सहायता समूह और बचत समूह जैसे अनेक आयामों में कार्य कर रहा है। संगठन जनजातीय विकास के कुल 14 प्रमुख आयामों पर सक्रिय है। वर्तमान में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम देशभर के 16,413 स्थानों पर 22 हजार से अधिक परियोजनाएं संचालित कर रहा है और भारत के दूरदराज जंगलों व जनजातीय क्षेत्रों के 64 हजार से अधिक गांवों तक अपना संपर्क स्थापित कर चुका है। कार्यक्रम में महेंद्र कुमार नरेश (प्रांत अध्यक्ष), जगदीश ग्रोवर (पालक) और जगदीश कुकरेजा (विभाग संयोजक) भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन में बड़ी संख्या में परिवारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और उपस्थित परिवारों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Add A Comment


