तरावड़ी क्षेत्र में एक प्रेमी जोड़े की जिंदगी का दर्दनाक अंत
कसमें साथ जीने की थीं, लेकिन अंत अकेले-अकेले हुआ
अनकहे दर्दों की दास्तां : लिव-इन में रहने वाले प्रेमी जोड़े ने फंदे पर लटककर की आत्महत्या
तरावड़ी, 21 अप्रैल (रोहित लामसर)।
कभी एक-दूसरे के बिना एक पल भी अधूरा लगता था… साथ जीने-मरने की कसमें खाईं, सपनों का घर बसाया, लेकिन वक्त के साथ रिश्तों में आई खामोशी ने सब कुछ बदल दिया। यह कहानी सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि उन अनकहे दर्दों की दास्तां है, जो धीरे-धीरे रिश्तों को भीतर से तोड़ देते हैं। दो शहर… दो अलग कमरे… और एक ही दर्द…जहां कभी साथ जीने के सपने थे, वहीं अब दोनों की जिंदगियां खामोश हो गईं। दोनों ने अपनी जिंदगी का अंत कर लिया। क्या कारण रहे, इसके पीछे कई सवाल आज भी हैं। तरावड़ी क्षेत्र में एक प्रेमी जोड़े की जिंदगी का दर्दनाक अंत सामने आया है, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। लिव-इन में रह रहे इस जोड़े की कहानी पहले साथ जीने के वादों से शुरू हुई, लेकिन आखिरकार अलग-अलग जगहों पर दुखद मौत के साथ खत्म हो गई।

जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय विक्रम पिछले कई वर्षों से गांव चौपड़ी में अपनी नानी के पास रह रहा था। करीब तीन साल पहले उसकी मुलाकात जींद जिले के जुलाना क्षेत्र की रहने वाली देवी उर्फ मानसी से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे तरावड़ी में किराए के मकान में साथ रहने लगे। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले हुए झगड़े के बाद मानसी तरावड़ी छोड़कर कुरुक्षेत्र चली गई, जहां वह सेक्टर-13 में एक पीजी में रह रही थी और नौकरी की तलाश कर रही थी। इधर, विक्रम भी गांव चौपड़ी लौट गया और वहीं अलग रहने लगा।

करीब एक सप्ताह पहले गांव चौपड़ी में विक्रम अपने कमरे में मृत पाया गया। कई दिन तक दरवाजा बंद रहने और बदबू आने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया गया, जहां उसका शव कमरे के अंदर मिला। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इधर, इस घटना के कुछ दिन बाद ही सोमवार देर रात कुरुक्षेत्र के सेक्टर-13 स्थित एक पीजी में मानसी भी अपने कमरे में मृत पाई गई। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई। आसपास के लोगों को संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया और शव को कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों कुछ समय से अलग रह रहे थे और आपसी विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, दोनों घटनाओं के पीछे वास्तविक कारण क्या रहे, यह अभी जांच का विषय बना हुआ है। इस पूरी घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—आखिर ऐसा क्या हुआ कि साथ जीने के सपने देखने वाले दो लोग अलग-अलग शहरों में इस तरह अपनी जिंदगी खत्म करने को मजबूर हो गए? क्या यह सिर्फ आपसी विवाद था या इसके पीछे कोई और वजह छिपी है? फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन इस प्रेम कहानी का अंत क्षेत्र में चर्चा और कई अनसुलझे सवाल छोड़ गया है।


