कोटपूतली-बहरोड़/28 अप्रैल/अटल हिन्द ब्यूरो
नगर पालिका नीमराना द्वारा जिला कलेक्टर के निर्देशों की पालना में एवं उपखण्ड अधिकारी नीमराना के निर्देशन में आज व्यापक कार्रवाई करते हुए नगर पालिका क्षेत्र में संचालित अवैध कबाड़ गोदामों व भंडारण स्थलों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका नीमराना, तहसीलदार नीमराना, अग्निशमन अधिकारी एवं नगर पालिका तथा तहसील स्टाफ की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर जांच की। निरीक्षण के दौरान कुल 17 कबाड़ गोदाम संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
जांच में 12 गोदाम ऐसे पाए गए जो अवैध रूप से संचालित हो रहे थे तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कर रहे थे। जन सुरक्षा एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए इन अवैध कबाड़ गोदामों को सीज कर ताला बंदी की कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नगर क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।


