नरवाना में मंडियों में गेहूं उठान प्रक्रिया में बनी असमंजस की स्थिति हुई समाप्त, लिफ्टिंग की सुचारू प्रक्रिया शुरू
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने मंडी एसोसिएशन, खरीद एजेंसी और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर आपसी समन्वय के
साथ कराया समाधान ।
उठान पूरा होते ही किसानों के खातों में भुगतान प्रक्रिया भी तेजी से शुरू कर दी जाएगी-कृष्ण बेदी न
कैबिनेट मंत्री ने मंडी एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों का सहयोग और सरकार पर विश्वास के लिए किया आभार ।
नरवाना, 3 मई, (नरेन्द्र जेठी)
नरवाना में मंडियों में गेहूं उठान प्रक्रिया में बनी असमंजस की स्थिति समाप्त हो गई है और लिफ्टिंग की सुचारू प्रक्रिया शुरू हो गई है। पिछले कई दिनों से नरवाना अनाज मंडी में गेहूं उठान (लिफ्टिंग) को लेकर जारी गतिरोध आखिरकार रविवार को समाप्त हो गया।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने मौके पर पहुंचकर मंडी एसोसिएशन, खरीद एजेंसी और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर आपसी समन्वय के साथ समाधान कराया। इस निर्णय के बाद मंडी में लंबे समय से उठान कार्य की गति में तेजी आएगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि 1 अप्रैल से गेहूं की खरीद प्रक्रिया नियमित रूप से जारी थी और उस समय से उठान की जिम्मेदारी मंडी एसोसिएशन के पास थी। हालांकि, लगभग एक माह बीतने के बावजूद अब तक केवल करीब 50 प्रतिशत गेहूं का ही उठान हो पाया, जो उपेक्षाकृत धीमा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन किसानों की फसल अब तक मंडी में पहुंची थी, उनका माल जब तक पूरी तरह नहीं उठेगा और जे-फॉर्म नहीं कटेगा, तब तक उनके खातों में भुगतान संभव नहीं हो पाएगा। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि मंडी में उत्पन्न स्थिति के पीछे मंडी एसोसिएशन और खरीद एजेंसी के बीच तालमेल की कमी मिली है।
इसके चलते प्रशासनिक स्तर पर भी कुछ समस्याएं सामने आईं और गेहूं उठान कार्य प्रभावित हुआ। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि सरकार के निर्देश पर पहले भी खरीद एजेंसी से मंडी संगठन के माध्यम से उठान कराने की बात की गई थी, लेकिन आढ़तियों की कुछ समस्याओं के कारण सहमति नहीं बन पाई थी।
रविवार को आयोजित बैठक में मंडी एसोसिएशन के पदाधिकारियों, खरीद एजेंसी और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें सभी मुद्दों पर सहमति बन गई। अब यह तय किया गया है कि खरीद एजेंसी मंडी एसोसिएशन के समन्वय से ही गेहूं का उठान करेगी और संगठन की भागीदारी के बिना कोई कार्य नहीं किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा है कि खरीद एजेंसी ने आश्वासन दिया है कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो 12 मई तक पूरी नरवाना अनाज मंडी का गेहूं उठान कर लिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि उठान पूरा होते ही किसानों के खातों में भुगतान प्रक्रिया भी तेजी से शुरू कर दी जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने इस मौके पर मंडी एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और सरकार पर विश्वास के कारण ही यह समाधान संभव हो पाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में मंडी में कार्य सुचारू रूप से चलेगा और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान जयदेव बंसल ने बताया कि कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी शुरू से ही संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भी मंडी से जुड़ी कोई समस्या सामने आती है तो वे बिना देरी किए उसका समाधान करवाते हैं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक पिरथी सिंह नंबरदार, चेयरमैन मार्किट कमेटी अमित ढाकल, पूर्व प्रधान मंडी एसोसिएशन ईश्वर गोयल, मंडल अध्यक्ष दिनेश गोयल, विनय मित्तल खरीद व उठान प्रक्रिया से जुड़े अन्य अधिकारी व खरीद एजेंसी एजेंट सहित अन्य गण- मान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


