नरवाना में ब्लॉक स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता (छात्रा वर्ग) का सफल आयोजन
नरवाना/22 जुलाई 2026/नरेन्द्र जेठी
नरवाना ब्लॉक में आयोजित ब्लॉक स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता (छात्रा वर्ग) का आयोजन बेहद ही रोमांचक और उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। इस प्रतियोगिता में नरवाना क्षेत्र के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों की छात्राओं ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग श्रेणियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए शानदार सफलता हासिल की। प्रतियोगिता के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी संतोष देवी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
उन्होंने खेल स्थल का निरीक्षण किया और खिलाडय़िों का उत्साहवर्धन करते हुए उनका मार्गदर्शन किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और मानसिक मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने बालिकाओं की खेल भावना की सराहना करते हुए अधिकारियों व अध्यापकों को दिशा-निर्देश दिए कि सभी विजेता खिलाडय़िों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए विशेष मार्गदर्शन व अभ्यास उपलब्ध कराया जाए।
आयोजन की सफलता पर नोडल अधिकारी अनिल ढिल्लों ने सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा खिलाडय़िों का यह प्रदर्शन और उत्साह काबिले-तारीफ है। हार और जीत खेल के दो पहलू हैं, लेकिन मैदान में उतरकर अपना सर्वश्रेष्ठ देना ही एक सच्चे खिलाड़ी की पहचान है।
हमें पूरा विश्वास है कि नरवाना की यह बेटियां जिला और राज्य स्तर पर भी अपने ब्लॉक का नाम जरूर रोशन करेंगी। प्रतियोगिता के मीडिया कवरेज और प्रेस वार्ता की जानकारी देते हुए मीडिया समन्वयक अनिल शर्मा ने कहा नरवाना ब्लॉक के स्कूलों की छात्राओं ने जिस खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया है, वह सराहनीय है।
हमारी मीडिया टीम का निरंतर प्रयास रहा है कि इन ग्रामीण व शहरी प्रतिभाओं के शानदार प्रदर्शन को समाज के सामने लाया जाए ताकि अन्य बालिकाओं को भी खेल क्षेत्र में आगे बढऩे की प्रेरणा मिले।
प्रतियोगिता को सुचारू, सुरक्षित और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने में अनुशासन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अनुशासन समिति में प्रिंसिपल अशोक गर्ग, विरेंद्र मलिक, सुनीता गोयत (पीजीटी) और रामभज नैन की देखरेख में पूरे आयोजन के दौरान कड़ा।
अनुशासन बनाए रखा गया। मैदान की तैयारियों से लेकर प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष संचालन में अध्यापकों और खेल प्रभारियों ने अहम योगदान दिया। बलजीत सिंह (पीटीआई), भूपेंद्र मोर (पीटीआई), रणदीप दमाड़ा (पीटीआई), विजेंद्र (पीजीटी), अनिल नैन (डीपीई), जसमेर (पीटीआई), बबिता (पीटीआई) सहयोग रहा।
खेलवार विजेता टीमों और विद्यालयों की सूची के अनुसार फुटबाल अंडर-14 में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, फरैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वॉलीबॉल के तीनों ही आयु वर्गों में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, उझाना का एकतरफा दबदबा देखने को मिला।
अंडर-14 राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, उझाना, अंडर-17 राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, उझाना, अंडर-19 राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, उझाना का दबदबा रहा।
बैडमिंटन में अंडर-14 डी.बी.के. पब्लिक स्कूल, नरवाना विजेता बना। अंडर-17 एस.डी. पब्लिक स्कूल, नरवाना की छात्राओं ने बाजी मारी।
कबड्डी में अंडर-14 राजकीय उच्च विद्यालय, जोतता जुलहेड़ा की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए पहला स्थान पाया। अंडर-17 राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, धमतान साहिब ने जीत दर्ज की।
खो-खो में अंडर-14 अल्पाइन पब्लिक स्कूल, पीपलथा की टीम अव्वल रही। अंडर-17 राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नरवाना ने परचम लहराया। अंडर-19 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ढाकल ने जीत हासिल की।
शतरंज में अंडर-14 वेदा इंटरनेशनल स्कूल, नरवाना ने प्रथम स्थान हासिल किया। अंडर-17 एम.डी. पब्लिक स्कूल, नरवाना की टीम विजेता रही। क्रिकेट में अंडर-17राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, फरैन ने अपने उत्कृष्ट खेल से ट्रॉफी पर कब्ज़ा किया।

