कारगिल विजय दिवस पर नरवाना में वीर शहीदों को नमन, पूर्व सैनिकों का हुआ भव्य सम्मान समारोह
नरवाना /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स /नरेन्द्र जेठी/26 जुलाई 2026
कारगिल विजय दिवस एवं भारत रक्षा पर्व–2026 के अवसर पर एक भव्य श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों, महिलाओं, युवाओं तथा गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर कारगिल के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके अद्वितीय साहस और बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं कारगिल के वीर शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात देश की रक्षा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों एवं सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित अतिथियों, पूर्व सैनिकों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने पूरे सम्मान एवं अनुशासन के साथ राष्ट्रगान गाया। राष्ट्रगान के समय पूरा सभागार राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया और सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।
मुख्य वक्ता भाजपा जनकल्याण मंच के प्रदेश अध्यक्ष श्री अशोक तिलकधारी ने अपने संबोधन में कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक ऐतिहासिक जीत का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्र के स्वाभिमान, भारतीय सेना के अदम्य साहस और अमर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों ने दुर्गम पर्वतों और विषम परिस्थितियों में अपने प्राणों की परवाह किए बिना तिरंगे की आन, बान और शान को कायम रखा। उन्होंने कहा कि आज का भारत अपने वीर सैनिकों के त्याग और समर्पण के कारण सुरक्षित और गौरवान्वित है। हमें अपने शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना होगा।
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सेवा और समर्पण की भावना को अपने जीवन में अपनाएं तथा वीर सैनिकों के सम्मान और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्नल रेड्डू एवं सेवानिवृत्त कर्नल हवा सिंह ने कारगिल युद्ध के अपने अनुभव साझा करते हुए भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक विजय का पर्व नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद हिसार के अध्यक्ष राजेश जैन, जिला अध्यक्ष ऋषि राज, सचिव सूर्य गोयल, सीताराम मंगल, नवीन जैन, रामनिवास सीए, सुरेन्द्र कुच्छल, जगमोहन जिंदल, भाजपा जनकल्याण मंच के प्रदेश अध्यक्ष श्री अशोक तिलकधारी, सुमित मित्तल, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रेढू मंगल, अजय सिंघल, मधू गर्ग, डॉली जैन, रितू जैन, अनीता गर्ग, अनीता सिंघल, शशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियाँ रहीं। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। इसके साथ ही बच्चों ने भारतीय सेना की वर्दी पहनकर आकर्षक मार्चपास्ट (परेड) प्रस्तुत की, जिसे सभी ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के अभिभावक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और इस प्रेरणादायी आयोजन के साक्षी बने। वक्ताओं ने कहा कि 26 जुलाई 1999 भारतीय सेना के अदम्य साहस, वीरता और पराक्रम का स्वर्णिम अध्याय है। भारतीय सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में दुश्मन को परास्त कर कारगिल की दुर्गम चोटियों पर तिरंगा फहराया और पूरे विश्व में भारत का गौरव बढ़ाया।
कारगिल के अमर शहीदों का बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रभक्ति, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
पूरे परिसर में “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “वीर शहीद अमर रहें” के जयघोष से वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।
अंत में भाजपा जनकल्याण मंच के प्रदेश महामंत्री श्री अशोक मेहरा ने सभी आयोजकों, पूर्व सैनिकों, अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कारगिल के अमर शहीदों का त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा, समर्पण एवं देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करने तथा वीर सैनिकों के सम्मान को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं।

