गुलाब कॉलोनी व डेयरी मोहल्ला में हालात बदतर, शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
तरावड़ी /5 जून/अटल हिन्द / रोहित लामसर
शहर में अवैध रूप से संचालित हो रही डेयरियां अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती जा रही हैं। गुलाब कॉलोनी तथा डेयरी मोहल्ला क्षेत्र के आसपास संचालित कई डेयरियों से निकलने वाला गोबर और पशुओं का मलमूत्र सीधे नालियों में डाला जा रहा है,
जिससे न केवल नालियां जाम हो रही हैं बल्कि पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैलने से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि डेयरियों में बड़ी संख्या में गाय और भैंसें रखी गई हैं। इनके गोबर की उचित व्यवस्था न होने के कारण अधिकांश कचरा और गोबर नालियों में बहा दिया जाता है।
परिणामस्वरूप नालियों का पानी रुक जाता है और गंदगी सड़कों तक फैल जाती है। गर्मी के मौसम में बदबू और भी अधिक बढ़ जाती है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
शहरवासियों ने बताया कि इस संबंध में कई बार नगरपालिका प्रशासन को शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि अधिकारियों की उदासीनता के चलते समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
नालियों में जमा गोबर और गंदगी के कारण मच्छरों तथा अन्य बीमारी फैलाने वाले कीटों की संख्या भी बढ़ रही है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे उत्पन्न हो रहे हैं। वहीं आसपास से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों का कहना है कि सड़क के किनारे फैली गंदगी और दुर्गंध के कारण यहां से निकलना मुश्किल हो जाता है।
कई बार गोबर सड़क पर फैल जाने से फिसलन की स्थिति भी बन जाती है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। शहरवासियों ने जिला प्रशासन और नगरपालिका से मांग की है कि अवैध रूप से संचालित डेयरियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा गोबर और पशु अपशिष्ट के उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं। नगरपालिका को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। डेयरियों से निकलने वाली बदबू और गंदगी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। प्रशासन को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।
सचिव बोले : करेंगे सख्त कार्रवाई
इस बारे में जब नगरपालिका तरावड़ी के सचिव अजीत कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि वह जल्दी ही इस मामले में कार्रवाई करेंगे। यह मामला उनके संज्ञान में नही था। नालियों की सफाई करवाई गई है। जल्दी ही डेयरी संचालकों को नोटिस भेजा जाऐगा। कॉलोनी में अवैध रूप से डेयरियां नही चलने दी जाऐंगी।


