कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में विकसित होगा खिलाड़ियों के लिए सिंथेटिक ट्रैकः प्रो सोमनाथ सचदेवा
कुरुक्षेत्र /22 अप्रैल /अटल हिन्द ब्यूरो
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (कुवि) खेलों के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि की ओर बढ़ते हुए खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक विकसित करने जा रहा है। यह ट्रैक अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा, जिससे विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकेंगी।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने बताया कि इस सिंथेटिक ट्रैक के निर्माण से एथलेटिक्स से जुड़े खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए अत्याधुनिक मंच उपलब्ध होगा। इससे न केवल कुवि के खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतर होगा, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनकी भागीदारी भी मजबूत होगी।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय पहले से ही खेलों के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बना चुका है। यहां के खिलाड़ियों ने विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। अब सिंथेटिक ट्रैक जैसी सुविधा जुड़ने से कुवि का खेल ढांचा और अधिक सुदृढ़ होगा। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने देश को अब तक 16 अर्जुन अवॉर्डी, 5 द्रोणाचार्य अवॉर्डी तथा 9 पद्मश्री सम्मानित खिलाड़ी प्रदान किए हैं। यह उपलब्धियां विश्वविद्यालय की सुदृढ़ खेल संस्कृति और उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था का प्रमाण हैं।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने इस पहल को खिलाड़ियों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि कुवि का उद्देश्य छात्रों को हर क्षेत्र में उत्कृष्ट अवसर प्रदान करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना विश्वविद्यालय को खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
खेल निदेशक प्रो. डी.एस. राणा ने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों की मेजबानी करने में भी सक्षम हो जाएगा, जिससे क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिले
सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक से खिलाड़ियों की निखरेगी प्रतिभा
खेल निदेशक प्रो. डी.एस. राणा ने बताया कि हाल ही में अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ द्वारा मान्यता प्राप्त सिंथेटिक हॉकी एस्ट्रोटर्फ का उद्घाटन हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा किया गया था। प्रो. डीएस राणा ने आगे बताया कि इसी क्रम में अब विश्वविद्यालय में रूसा की ग्रांट से सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक के निर्माण की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है। इस ट्रैक के तैयार होने से एथलेटिक्स के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे अपनी प्रतिभा को और निखार सकेंगे।
बाक्स
तकनीकी मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू
कुवि एक्सईन पंकज शर्मा ने बताया कि सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक प्रोजेक्ट के लिए टेंडरिंग और तकनीकी मूल्यांकन की प्रक्रिया निर्माण शाखा द्वारा शुरू कर दी गई है। निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसकी निगरानी स्वयं विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा की जा रही है।


