पलवल में शादी की खुशियां बनी दहशत का मंजर, मेहंदी रस्म के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, दुल्हन के भाई को लगी गोली
पलवल/2 मई /अटल हिन्द ब्यूरो
पलवल (हरियाणा): जिले के फिरोजपुर गांव में उस समय शादी की खुशियां मातम और दहशत में बदल गईं जब एक विवाह समारोह के दौरान हथियारों से लैस बदमाश अचानक घर में घुस आए और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
मेहंदी की रस्म चल रही थी और पूरा परिवार व रिश्तेदार जश्न में शामिल थे, तभी यह हमला हो गया।
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 10 बजे पीड़ित विजय सिंह के घर का माहौल पूरी तरह खुशियों से भरा हुआ था। इसी दौरान आरोपी कार में सवार होकर पहुंचे और घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी।
इसके बाद उन्होंने बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की और दहशत फैलाने के लिए गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
इस हमले में दुल्हन का भाई नितिन गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा और लहूलुहान हो गया। परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
हमलावरों ने भागते समय भी कई वाहनों पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सदर थाना प्रभारी सुंदर पाल ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


