पंजाब चुनाव 2027: कांग्रेस ने तेज की तैयारी, हाईकमान ने की सीट-दर-सीट समीक्षा
चंडीगढ़ /2 जून / अटल हिन्द ब्यूरो
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी हाईकमान राज्य में सत्ता में वापसी की संभावनाओं को मजबूत करने के लिए लगातार रणनीतिक बैठकों का दौर चला रहा है। पिछले पांच दिनों के भीतर नई दिल्ली में हुई दो उच्चस्तरीय बैठकों में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणुगोपाल, पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने चुनावी स्थिति की समीक्षा की।
सूत्रों के अनुसार बैठकों में पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों का विस्तृत विश्लेषण किया गया। मजबूत, कमजोर और कड़े मुकाबले वाली सीटों पर विशेष चर्चा हुई। कांग्रेस ने राज्य में दो अलग-अलग सर्वे भी करवाए हैं, जिनकी रिपोर्ट पर नेताओं ने मंथन किया।
बताया जा रहा है कि एआईसीसी के सर्वे में कांग्रेस को 52 से 54 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है, जबकि पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) के सर्वे में पार्टी को 64 से 68 सीटें मिलने और सरकार बनाने की संभावना व्यक्त की गई है। दोनों रिपोर्टों में आए अंतर को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
सर्वे में नशा तस्करी, गैंगस्टरवाद, कानून-व्यवस्था, किसानों के मुद्दे और पंथक संगठनों से जुड़े विवाद प्रमुख चुनावी मुद्दों के रूप में सामने आए हैं। वहीं 2022 के विधानसभा चुनाव में कमजोर प्रदर्शन वाले मालवा क्षेत्र पर विशेष ध्यान देने की सिफारिश की गई है।
कांग्रेस नेतृत्व को लेकर भी अलग-अलग राय सामने आई है। एक सर्वे में नेतृत्व परिवर्तन की मांग का संकेत मिला है, जबकि दूसरे सर्वे में मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और प्रभारी भूपेश बघेल के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कही गई है। नेतृत्व और संगठन में संभावित बदलावों पर अंतिम निर्णय कांग्रेस हाईकमान द्वारा लिया जाएगा।


