भयानक हादसे के बाद मची चीख-पुकार, हाईवे पर लगा लंबा जाम
तरावड़ी/6 जून /अटल हिन्द /रोहित लामसर
दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर तरावड़ी के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें ट्रक चालक, ट्रैक्टर चालक समेत 10 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। मनाली जा रही एक वोल्वो बस, ट्रक और चारे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की जबरदस्त टक्कर में तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के वक्त बस में सवार यात्री गहरी नींद में थे, लेकिन अचानक हुए इस भयानक हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार दिल्ली से मनाली जा रही एक वोल्वो बस जब तरावड़ी के पास पहुंची, तो आगे चल रहे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह आगे चल रही चारे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराया। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंभे से टकरा गए। हादसे में बस, ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली तीनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
बताया जा रहा है कि वोल्वो बस में सवार यात्री उस समय नींद में थे। अचानक हुए हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए तरावड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में बस यात्रियों, ट्रक चालक और ट्रैक्टर चालक सहित करीब 10 लोग घायल हुए हैं।
हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को दोबारा सुचारु कराया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। सौभाग्य की बात यह रही कि इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद किसी जान-माल के बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।


