विदेश व देश में बैठी बेटियों ने वीडियो कॉल पर दी पिता को अंतिम विदाई
बेटियों की इच्छा के अनुसार दान की गईं आंखें
वृद्ध आश्रम में डेढ़ साल से रह रहे शिवचरण राम रतन गुप्ता का निधन, बेटियों ने वीडियो कॉल के जरिए कराया अंतिम संस्कार
अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स/रणबीर सिंह रोहिल्ला/ सोनीपत/03 जुलाई 2026
समाज कल्याण शिक्षा समिति द्वारा संचालित वृद्ध आश्रम में पिछले करीब डेढ़ वर्ष से रह रहे शिवचरण राम रतन गुप्ता ने मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही आश्रम प्रबंधन ने उनके परिजनों से संपर्क किया।
शिवचरण राम रतन गुप्ता की तीन बेटियां हैं। इनमें से एक विदेश में, दूसरी मुंबई और तीसरी उत्तर प्रदेश में रहती हैं। तीनों बेटियां परिस्थितियों के चलते अपने पिता के अंतिम संस्कार में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हो सकीं। ऐसे में उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से पिता को अंतिम विदाई दी और ऑनलाइन ही अंतिम संस्कार में शामिल हुईं। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए बेहद भावुक कर देने वाला था।
परिजनों ने पिता की इच्छा का सम्मान करते हुए उनके निधन के बाद उनकी आंखें सरोफ हॉस्पिटल को दान कर दीं। इस मानवीय पहल के माध्यम से शिवचरण राम रतन गुप्ता के निधन के बाद भी उनकी आंखें किसी जरूरतमंद के जीवन में रोशनी भरने का माध्यम बनेंगी।
नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले जाया गया, जहां पूरे सम्मान के साथ उन्हें अग्नि के हवाले कर अंतिम विदाई दी गई।
एक ओर पिता को खोने का गम और दूसरी ओर दूर रहकर भी वीडियो कॉल के जरिए अंतिम विदाई देती बेटियों का भावुक दृश्य हर किसी की आंखें नम कर गया। वहीं, परिवार द्वारा उनकी इच्छा के अनुरूप आंखें दान करना समाज के लिए एक प्रेरणादायी संदेश भी छोड़ गया। अंतिम संस्कार के अवसर पर प्रवीण वर्मा, आनंद कुमार, शिव शंकर शर्मा, यश बंसल, जगत सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

