बाबैन, 27 अप्रैल (सुरेश अरोड़ा) :
बाबैन थाना में कार्यरत पुलिस के जवान असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर कमलजीत सैनी की ड्यूटी के दौरान मौत होने का समाचार है। घटना उस वक्त हुई जब सब-इंस्पेक्टर कमलजीत सैनी अपनी टीम के साथ गांव गणगौरी में किसानों के खेतों में लगी आग की सूचना पाकर गणगौरी गए हुए थे।
गणगौरी में किसानों के गेहूं के फानों में आग लग गई थी। आग की सूचना मिलने पर सब-इंस्पेक्टर कमलजीत सैनी ने अपनी टीम के साथ गणगौरी पहुंच कर किसानों के साथ आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे थे। भारी गर्मी और आग की तपिश से उन्हें घबराहट व सीने में जलन महसूस होने लगी और उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसके अन्य पुलिसकर्मी साथी उनको लेकर बाबैन के प्राइवेट अस्पताल में गए जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र रैफर कर दिया गया। रास्ते में कमलदीप सैनी की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक पुलिस जवान कमलजीत सैनी (45) यमुनानगर के सरस्वती नगर (मुस्तफाबाद) खंड के गांव गंदापुरा के रहने वाले थे। कमलदीप सैनी की पिछले काफी समय से डायल-112 की गाड़ी पर ड्यूटी लगी हुई थी। कमलदीप सैनी साल 2003 में हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे और करीब एक साल पहले ही उनकी पोस्टिंग कुरुक्षेत्र जिला के बाबैन थाना में हुई थी। रविवार शाम को ही उनके परिवार को घटना की सूचना दी गई।
मृतक कमलदीप सैनी के दो पुत्र है जिनमें से बड़ा बेटा अंकुश ग्रेजुएशन कर रहा है जबकि छोटा बेटा योगेश अमेरिका में है। पुलिस विभाग द्वारा दिवंगत कमलदीप सैनी का पोस्टमार्टम करवाकर शव को उनके पैतृक गांव गंदापुरा ले जाया गया जहां पूरे सम्मान के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देने के साथ साथ शोक सलामी दी गई। इस मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कहा कि दिवंगत कमलदीप सैनी ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन सदैव पूरी निष्ठा और ईमानदारी से किया, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा। जिस समय उनके बेटे अंकुश ने अपने पिता की चिता को मुख अग्नी दी वहा उपस्थित सभी की आंखें नम हो गई।


