मानसून में न हो जलभराव, प्रत्येक वार्ड में बनाएं कम्युनिटी सेंटर- बिमला चौधरी
-गांव कासन में नहरी पानी के लिए जीएमडीए से तालमेल करें अधिकारी
सोसाइटियों के सीवर कनेक्शन को जीएमडीए की मास्टर लाइन में जुड़वाने का करेंगे प्रयास
निगम क्षेत्र के गांवों में गैर मुमकिन पहाड़ की किस्म बदलवाने के लिए काम करेंगें
मानेसर/फतह सिंह उजाला
पटौदी की विधायक बिमला चौधरी ने कहा कि नगर निगम मानेसर(Municipal Corporation Manesar) क्षेत्र में मानसून में जलभराव नहीं होना चाहिए। प्रत्येक वार्ड में एक-एक कम्युनिटी सेंटर बनाया जाना चाहिए। गांव कासन में नहरी पानी की सप्लाई के लिए जीएमडीए के साथ तालमेल करें।
यह बात विधायक बिमला चौधरी ने सोमवार को नगर निगम मानेसर के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता के दौरान कही। विधायक ने पटौदी विधानसभा के अंतर्गत आने वाले 11 वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति ऐसी है, जहां पर पंचायती जमीन के साथ-साथ गैर मुमकिन पहाड़ किस्म की जमीन भी अत्यधिक है। गैर मुमकिन पहाड़ होने के कारण गांवों में विकास कार्य की सीमा तय हो गई है। जबकि गांवों की वास्तविक आबादी कहीं ज्यादा है। ऐसे में वे अपने स्तर पर प्रयास करेंगी कि जिन गांवों में ऐसी भूमि है, उसकी किस्म को बदला जाए ताकि इन गांवों में विकास कार्यों की संख्या बढ़ाई जाए।
इस दौरान आयुक्त प्रदीप सिंह ने बताया कि निगम क्षेत्र में करीब 55 किलोमीटर ड्रेन का नेटवर्क है। इन सभी बड़ी-छोटी ड्रेन की एक बार सफाई करवा दी गई है। मानसून से पहले सभी को दोबारा साफ करवा दिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 48 पर आईएमटी चौक और रामपुरा चौक पर जलभराव न हो इसके लिए स्थायी समाधान कर दिया गया है। जल्द ही अन्य जगहों पर भी काम को पूरा कर लिया जाएगा। आयुक्त ने बताया कि निगम क्षेत्र में करीब 75 रेन वाटर हार्वेस्टिंग पिट मानसून से पहले तैयार हो जाएगी। जिसमें से 47 पिट तैयार हैं। 20 का काम चालू है अन्य 10 का बजट तैयार हो चुका है।
आयुक्त ने बताया कि गांव कासन, खोह, बांस कुसला, हरिया, ढाणा आदि गांवों में नहरी पानी सप्लाई के लिए जीएमडीए से 15 एमएलडी पानी देने का आग्रह किया गया है। जल्द ही इसकी अनुमति मिलेगी। संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार ने बताया कि निगम क्षेत्र में घरों से कूड़ा उठाया जा रहा है। रोड़ स्वीपिंग का टेंडर लगा दिया गया है। आवारा पशुओं को पकड़ने का काम एजेंसी को सौंपा जा चुका है। खाली प्लाटों में कूड़े के ढ़ेर और कबाड़ गौदामों की पहचान करके उनके मालिकों को नोटिस दिए जा रहे है। हाल ही में निगम की टीम ने खुले में कूड़ा डालने वाले 3 अवैध वाहनों को जब्त भी किया है। संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव ने विधायक बिमला चौधरी को बताया कि निगम की टीम प्राॅपर्टी टैक्स वसूल रही है। टीम ने निर्धारित लक्ष्य को पूरा करते हुए फायर टैक्स और प्राॅपर्टी टैक्स भुगतान करवाया है। इसके अलावा बड़े टैक्स डिफाल्टर्स को नोटिस देकर उनकी प्राॅपर्टी को सील भी किया है।
डिविजन 2 के एक्सईएन मंदीप धनखड़ ने विधायक को अवगत करवाते हुए कहा कि पटौदी विधानसभा के 11 वार्डों में सिविल के 30 काम चल रहे हैं। पार्क, जोहड़ और स्टेडियम इत्यादि के 7 काम चाल रहे हैं। गांव कासन, नैनवाल और नौरंगपुर में एसटीपी बनाए जाएंगे। इलेक्ट्रिकल एक्सईएन वासु बग्गन ने बताया कि निगम की ओर से पहले फेज में 5 हजार स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा वार्डों की जरूरत के अनुसार अन्य लाइटें लगाने का भी प्रावधान है, जिसे अगले फेज में शामिल किया जाएगा। बैठक में एसडीओ अमन राठी, अनिल मलिक, विपिन बूरा, सीपीओ द्वारका प्रसाद, पार्षद भूपेंद्र सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


