तोशाम, 20 अप्रैल,(विष्णु दत्त शास्त्री)।
तोशाम में बाईपास मार्ग पर अनिश्चितकाल के लिए धरनारत किसानों द्वारा महिला आरक्षण बाबत पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए धरना संयोजक एवं डीसीसी चरखी दादरी सचिव दलीप सिंह सांगवान ने कहा की बड़े पूंजीपतियों को छोड़कर भाजपा हर वर्ग की विरोधी है।
इस दौरान उन्होंने कहा की भाजपा की नियत यदि पाक साफ होती तो 2024 के आम चुनाव से महिला आरक्षण लागू हो गया होता, मगर भाजपा ने महिला आरक्षण को एक राजनीतिक स्टंट बना दिया है जिसे कभी लागू नहीं किया जाएगा। उनका कहना था कि भाजपा न सिर्फ महिला वर्ग की बल्कि किसान, मजदूर, कर्मचारी, दलित, शोषित, पिछड़ा वर्ग, आदिवासी आदि सभी वर्गों के उत्थान की विरोधी है। भाजपा का सिर्फ एक ही उद्देश्य है की देश के सभी संसाधन एक दो पूंजीपतियों के हाथों में सिमट जाए ताकि उनके सहारे लंबे समय तक सत्ता सुख भोगा जा सके। देशहित एवं जनहित में यही है कि भाजपा को जितना जल्दी शासन से बेदखल किया जाए उतना ही अच्छा होगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ कृषि डील पर किसी भी वक्त हस्ताक्षर हो सकते हैं और वहीं से किसानों की बर्बादी का रास्ता शुरू होगा, लेकिन किसानों को एकजुट रहना होगा। सरकार की नियत को समझते हुए न सिर्फ कृषि डील बल्कि जमीन बचाने की लड़ाई, महिला आरक्षण, वोट चोरी, चुनाव चोरी, शिक्षा को बचाने और रोजगार जैसे मुद्दों पर इकट्ठा होकर आंदोलन करना होगा वरना वह दिन दूर नहीं जब देश एक राजनीतिक दल और एक दो पूंजीपतियों का गुलाम होगा।
इस अवसर पर ताराचंद, बलबीर सिंह, रोहतास, प्रताप, भले राम, महिपाल, मांगेराम, बलराम, जगदीश, सोनू, सुरेंद्र, वेदु, रतीभान, रमेश, आनंद व धर्मपाल आदि सहित अनेक किसान मौजूद थे।
Add A Comment


