मानेसर में श्रमजीवी पत्रकार सम्मेलन सम्पन्न, पर्यावरण दिवस पर हुआ पौधारोपण और प्रेस प्रिविलेज कार्ड लॉन्च
मानेसर / 06 जून / अटल हिन्द ब्यूरो
श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा का 7वां प्रदेशस्तरीय श्रमजीवी पत्रकार सम्मेलन फोर्टिस हॉस्पिटल, मानेसर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण एवं प्रेस प्रिविलेज कार्ड वितरण के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
सम्मेलन के दौरान श्रमजीवी पत्रकारों को संबोधित करते हुए संघ की संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन ने कहा कि फोर्टिस हॉस्पिटल मानेसर द्वारा शुरू किया गया प्रेस प्रिविलेज कार्ड पत्रकारों के बेहतर स्वास्थ्य लाभ और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर प्रेस प्रिविलेज कार्ड का शुभारंभ फोर्टिस हॉस्पिटल मानेसर के डायरेक्टर अभिजीत सिंह, डॉ. इंदु बंसल जैन तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता बोधराज सीकरी की उपस्थिति में किया गया।
फोर्टिस हॉस्पिटल मानेसर के डायरेक्टर अभिजीत सिंह ने पत्रकारों को इस कार्ड के लाभों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से श्रमजीवी पत्रकारों और उनके परिवारों को विशेष चिकित्सा सेवाओं में छूट तथा प्राथमिकता के आधार पर उपचार की सुविधा मिलेगी।
फोर्टिस हॉस्पिटल की इंटरनल मेडिसिन डायरेक्टर डॉ. स्वाति माहेश्वरी ने बदलते मौसम में स्वास्थ्य देखभाल और नियमित स्वास्थ्य जांच (प्रिवेंटिव हेल्थ चेकअप) के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि भाजपा नेता बोधराज सीकरी ने सम्मेलन की सफलता पर सभी पत्रकारों को बधाई देते हुए भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण के साथ हुआ, जिसमें डॉ. इंदु बंसल जैन, अभिजीत सिंह और उपस्थित पत्रकारों ने भाग लिया।
सम्मेलन में हरियाणा के विभिन्न जिलों से आए पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इसमें नूंह, रेवाड़ी, पटौदी, पलवल, गोहाना, गुरुग्राम, फतेहाबाद, झज्जर सहित कई जिलों के पत्रकार शामिल रहे। बड़ी संख्या में पत्रकारों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया।


