543 ट्राली चारे से भरी मनोकामना सिद्ध श्री वृंदावन धाम गौशाला सांभली
प्रधान गौरव गर्ग बोले : गौसेवा सबसे बड़ा धर्म, समाज की भागीदारी जरूरी
तरावड़ी, /26 अप्रैल /रोहित लामसर
मनोकामना सिद्ध श्री वृंदावन धाम गौशाला सांभली में गौमाताओं के लिए 543 ट्राली चारे हेतु भूसे की बड़ी खेप पहुंचने पर सेवा और सहयोग का प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला। इस पुनीत कार्य में सांभली सहित आसपास के गांवों के किसानों, जमींदारों और गणमान्य लोगों ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया। गौशाला के प्रधान गौरव गर्ग ने सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गौसेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है।
उन्होंने कहा कि समाज के सामूहिक प्रयासों से ही इस प्रकार के सेवा कार्य संभव हो पाते हैं और यह सहयोग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा। गौशाला के संरक्षक महिंद्र गर्ग ने बताया कि गौशाला की पूरी टीम समर्पित भाव से दिन-रात गौमाताओं की देखभाल में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक कार्य नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है, जिसे हर व्यक्ति को समझना चाहिए। उप-प्रधान रजत गर्ग ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि लोग अपने जीवन के विशेष अवसर जैसे जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ और अन्य खुशियों को गौशाला में आकर गौमाताओं के साथ मनाएं। इससे न केवल पुण्य की प्राप्ति होती है, बल्कि गौवंश की सेवा और उनके बेहतर रख-रखाव में भी सहयोग मिलता है। इस अवसर पर गौशाला प्रबंधन ने सभी सहयोगियों का दिल से धन्यवाद करते हुए कहा कि इसी प्रकार का सहयोग और समर्थन भविष्य में भी मिलता रहा तो गौमाताओं की सेवा और सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सकेगा।
Add A Comment


