क्रांतिकारी युवा संगठन ने एलपीजी गैस की भारी कमी के खिलाफ केवाईएस का नरवाना में प्रदर्शन
नरवाना 16 मार्च (नरेन्द्र जेठी)
देश में रसोई गैस की गंभीर कमी और बढ़ती कालाबाज़ारी के खिलाफ आज क्रांतिकारी युवा संगठन हरियाणा इकाई ने नरवाना के कोर्ट गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार का पुतला भी फूंका।
संगठन के सदस्य परवीन ने कहा कि आज पूरे देश में रसोई गैस की भारी कमी देखने को मिल रही है। कई जगहों पर लोग गैस सिलेंडर पाने के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं, जबकि दूसरी ओर काला बाज़ारी करने वाले इस संकट का फायदा उठाकर 1500 से 4000 रुपये तक में सिलेंडर बेच रहे हैं। इससे आम मेहनतकश जनता और खासकर प्रवासी मजदूरों की स्थिति बेहद कठिन हो गई है।केवाईएस ने आरोप लगाया कि यह संकट केवल प्रशासनिक विफलता नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रही साम्राज्यवादी राजनीति का भी परिणाम है।

पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरान पर किए जा रहे हमलों के कारण एलपीजी की वैश्विक आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका सीधा असर भारत जैसे देशों पर पड़ रहा है।संगठन सदस्या मोनिका ने कहा कि केंद्र सरकार इस संकट से निपटने में पूरी तरह विफल रही है। न तो सरकार ने गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए हैं और न ही कालाबाज़ारी और जमाखोरी पर प्रभावी कार्रवाई की है। ेकेवाईएस ने मांग की कि सरकार तुरंत एलपीजी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करे, काला बाज़ारी और मुनाफाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे तथा मेहनतकश जनता और प्रवासी मजदूरों को प्राथमिकता के आधार पर गैस कनेक्शन और सिलेंडर उपलब्ध कराए
।संगठन ने यह भी मांग की कि भारत सरकार अमेरिका-इजरायल द्वारा ईरान पर किए जा रहे हमलों की निंदा करे और युद्ध को तुरंत रोकने की मांग उठाए, क्योंकि ऐसे युद्धों का सबसे ज्यादा असर दुनिया की मेहनतकश जनता पर पड़ता है।प्रदर्शन के अंत में केवाईएस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही इस संकट का समाधान नहीं किया तो संगठन आने वाले दिनों में और व्यापक आंदोलन चलाने के लिए मजबूर होगा। इस मौके पर संगठन सदस्य कुलदीप, परवीन, विशाल, विक्रम, अंजली, मोनिका, रितु, कोमल, सोनू, सिमरन, मोनी, अंजू आदि मौजूद रहे।
Add A Comment


