हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट ने कल्याण नगर में भरा भात
सिरसा 16/अप्रैल /अटल हिन्द ब्यूरो
हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा कल्याण नगर की गली नंबर 5 में बेटी पूनम के विवाह के अवसर पर भात की रस्म अदा की गई। ट्रस्ट के प्रधान मनीष सिंगला अपने सहयोगियों के साथ कल्याण नगर में पहुंचे जहां उन्होंने भात भरा। ट्रस्ट की ओर से ये 61वां भात हैं।
स्वर्गीय राजेश गौड़ एवं राजेश्वरी देवी की सुपुत्री पूनम के घर पर जब मनीष सिंगला पहुंचे तो पूरा मोहल्ला इस भावुक पल का गवाह बना। मनीष सिंगला ने इस मौके पर कहा कि एक बहन-बेटी के आंगन में भात लेकर पहुँचना सौभाग्य की बात है। मन को परम आनंद मिलता है कि प्रभु ने अब तक 61 बेटियों के जीवन के इस महत्वपूर्ण पड़ाव में योगदान देने का अवसर प्रदान किया है।

मनीष सिंगला ने ये भी कहा कि जीवन का यह सबसे स्वर्णिम पल है। एक बहन-बेटी के भात भरने का सौभाग्य मिलना परम सौभाग्य की बात है। इस पुनीत कार्य के लिए मनीष सिंगला ने अपनी माता स्वर्गीय श्रीमती सुशीला देवी, अपने इष्ट देव श्याम प्रभु और अपने पितृ देवों का स्मरण किया। उन्होंने विशेष रूप से उन सभी परिवारों का हृदय से आभार व्यक्त किया जिन्होंने उन्हें अपनी बेटी के जीवन में यह सम्मानजनक स्थान दिया और सेवा का अवसर प्रदान किया। इस मौके पर निजी सचिव हरपिंदर शर्मा, वार्ड 12 पार्षद दीपक बांसल, नगर मंडल महामंत्री आनंद रावत, योगेश बिज़ारनिया इत्यादि मौजूद थे।


