कैथल में मनचलों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
कैथल /29 अप्रैल/अटल हिन्द ब्यूरो
शहर में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर एक विशेष अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत पुलिस द्वारा तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएंगी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया की स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास विशेष रूप से पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इन क्षेत्रों में अक्सर छात्राओं से छेड़छाड़, पीछा करने और अभद्र व्यवहार जैसी शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में अब इन स्थानों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा बस स्टैंड, मुख्य बाजार, पार्क और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी पुलिस की विशेष टीमें नियमित रूप से गश्त करेंगी। बाइक या कार से महिलाओं का पीछा करने वालों, अनावश्यक रूप से मंडराने वाले युवकों और सार्वजनिक स्थानों पर उत्पात मचाने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी डर के अपने दैनिक कार्य, शिक्षा और अन्य गतिविधियां जारी रख सकें। साथ ही शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारना भी इस अभियान का एक अहम हिस्सा है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के जरिए कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में अनुशासन और सुरक्षा की भावना को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
पुलिस का मानना है कि जब तक समाज के सभी वर्ग मिलकर सहयोग नहीं करेंगे, तब तक पूर्ण सुरक्षा संभव नहीं है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें और नियमों का पालन करें। प्रशासन का विश्वास है कि जनसहयोग से ही शहर को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।


