97.5 प्रतिशत अंक के साथ चमकी करनाल की बिटिया रितिशा गुप्ता ने आईएससी में किया टॉप, शहर का बढ़ाया गौरव
तरावड़ी, 30 अप्रैल (रोहित लामसर)।
आईएससी बोर्ड के परिणाम घोषित होते ही करनाल की होनहार छात्रा रितिशा गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 97.5 प्रतिशत अंक हासिल कर एक नई मिसाल कायम कर दी। अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर रितिशा ने गुड शेफर्ड इंटरनेशनल स्कूल में शीर्ष स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे शहर का नाम रोशन कर दिया।
प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालय गुड शेफर्ड इंटरनेशनल स्कूल, जहां देशभर के विभिन्न राज्यों से प्रतिभाशाली विद्यार्थी पढ़ने आते हैं, वहां इस तरह का प्रदर्शन करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि माना जाता है। प्रतिस्पर्धा से भरे इस माहौल में रितिशा ने निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से यह मुकाम हासिल किया।
रितिशा के पिता अमन गुप्ता जो शिव शक्ति इंटर ग्लोब प्रा. लि. तरावड़ी के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं, उन्होंने बेटी की इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। मेहनत, निरंतर प्रयास और अच्छे संस्कार ही बच्चों को ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं।
रितिशा की इस उपलब्धि से पूरे करनाल में खुशी का माहौल है। शिक्षकों, मित्रों और शहरवासियों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी, यह साबित करती है कि अगर इरादे मजबूत हों तो हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
Add A Comment


