केएमपी-केजीपी के आस-पास बने अवैध शराब के ठेकों की जांच करने के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में कमेटी गठित
नेशनल हाइवे व एक्सप्रेसवे पर अवैध पार्किंग पर पुलिस करें सख्त कार्रवाई, ताकि अवैध पार्किंग से न हो कोई दुर्घटना
सडक़ों के दोनों और बने आरओडब्ल्यू न हो अवैध कब्जा, संबंधित अधिकारी तुरंत करें कार्रवाई
शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग मिलकर बनाए योजना
उपायुक्त नेहा सिंह ने लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ सडक़ सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी समिति की मासिक बैठक करते हुए दिए दिशा-निर्देश
सोनीपत/29 अप्रैल /रणबीर सिंह रोहिल्ला
केएमपी-केजीपी पर होने वाली सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उपायुक्त नेहा सिंह ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एसडीएम की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। इस कमेटी में एक्साईज व पुलिस के अधिकारी भी शामिल रहेंगे। यह गठित कमेटी केएमपी-केजीपी के साथ संचालित सभी शराब ठेकों का भौतिक निरीक्षण करेगी तथा यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी ठेका बिना वैध अनुमति के संचालित न हो। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की करना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जांच प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके और कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके। उपायुक्त नेहा सिंह ने बुधवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ सडक़ सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी समिति की मासिक बैठक करते उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने नेशनल हाईवे व एक्सप्रेसवे पर हो रही अवैध पार्किंग की घटनाओं पर सख्त संज्ञान लेते हुए पुलिस विभाग को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सडक़ों के किनारे अवैध रूप से खड़े किए गए वाहन दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं, जिससे आमजन की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न होता है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमें नियमित रूप से गश्त करें और जहां भी अवैध पार्किंग पाई जाए, वहां तत्काल चालान एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सडक़ सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि सडक़ों के दोनों ओर बने आरओडब्ल्यू (राइट ऑफ वे) पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों की तत्काल पहचान कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सडक़ किनारे अतिक्रमण से यातायात बाधित न हो और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि आरओडब्ल्यू पर अवैध कब्जा न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकता है, इसलिए अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।
बैठक में उन्होंने शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ ठोस एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए पुलिस, नगर निगम व अन्य संबंधित एजेंसियां मिलकर कार्य करें, ताकि आमजन को जाम की समस्या से राहत मिल सके। इसके साथ ही उपायुक्त ने आने वाले मानसून सीजन के मद्देनजर सभी सडक़ों के नालों एवं शहर से गुजरने वाली ड्रेनों की समय रहते सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव की स्थिति से बचाव के लिए सफाई कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि बरसात के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और शहर की व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
इसके बाद उपायुक्त ने बैठक में रखे गए सभी एजेंडो की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत स्कूली वाहनों की लगातार चैकिंग करें और कमियां पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।


