नायब सिंह सैनी ने विधायक आदर्श ग्राम योजना के तहत गांव बाबैन का किया चयन : कैलाश सैनी
बाबैन / सुरेश अरोड़ा
मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधायक आदर्श ग्राम योजना के तहत बाबैन का चयन किया है। इस योजना के तहत गांव बाबैन को आदर्श गांवों में शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गांव बाबैन में सभी मूलभूत सुविधाएं देखना चाहते हैं, ताकि दूसरे गांव बाबैन के सौंदर्यीकरण को अपने गांवों में बनाने के लिए काम करे।
मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी मंगलवार को बाबैन के किसान विश्राम गृह में आयोजित अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान एसडीएम लाडवा अनुभव मेहता और जिला परिषद के सीईओ वीरेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे। बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों से अपने-अपने विभाग के एक-एक प्रोजेक्ट की योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
प्रभारी कैलाश सैनी ने कहा कि विधायक आदर्श ग्राम योजना के तहत सरकार द्वारा गांव के महत्वपूर्ण कामों को किया जाता है। इस योजना के तहत बाबैन में पहले चरण में सौंदर्यीकरण के कार्यों को किया जाएगा। बाबैन की सडक़ व गलियों को साफ-सुथरा बनाकर रखना है। उन्होंने बीडीपीओ और पीडब्ल्यूडी विभाग को सड़क के किनारों से अतिक्रमण हटाया जाए और लोगों को इस बारे में जागरूक किया जाए।
उन्होंने कहा कि विधायक आदर्श ग्राम योजना राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई एक पहल है, ताकि बुनियादी ढांचा, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार किया जा सके। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बाबैन गांव का सामाजिक, भौतिक और बुनियादी ढांचागत विकास करना चाहते हैं। इस योजना के तहत बाबैन में स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी, और डिजिटल साक्षरता जैसे क्षेत्रों में सुधार किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को ग्राम पंचायत की भागीदारी के साथ विकास योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विधायक आदर्श ग्राम योजना के तहत राज्य प्रायोजित परियोजनाओं के माध्यम से विकास कार्य करवाकर आदर्श ग्राम बनवाना है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बाबैन को विधायक आदर्श ग्राम योजना के तहत चुना है। इस योजना के तहत आबादी के हिसाब से गांव में विकास कार्यों का पैसा दिया जाता है। सभी अधिकारी अपने विभाग की योजना को तैयार करके भेजें, ताकि उस कार्य को करने की आगामी प्रक्रिया को अमल में लाया जा सके।
जिला परिषद के सीईओ वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बाबैन में करवाए जाने वाले कामों की समीक्षा स्वयं करेंगे। सभी विभाग योजना के तहत विकास कार्य के लिए योजना को गंभीरता से तैयार करें और उसी गंभीरता के साथ कार्य को पूरा भी करना है। इस मौके पर डीडीपीओ विकास, मार्केट कमेटी सचिव गुरमीत सिंह, बीडीपीओ आशुतोष, सरपंच संजीव गोल्डी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
Add A Comment


