माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ हुए सेवानिवृत्त
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित, उमड़ा सम्मान का सैलाब
राठौड़ की कार्यशैली अनुकरणीय- प्रशासक श्री शक्ति सिंह राठौड़
अधिकारियों-कर्मचारियों ने दी भावभीनी विदाई
अजमेर /30 अप्रैल /अटल हिन्द ब्यूरो
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ के गुरुवार को सेवानिवृत्त होने पर बोर्ड सभागार में गरिमामय एवं भव्य विदाई समारोह का आयोजन हुआ। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य जनों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी विदाई दी।
श्री राठौड़ ने प्रशासनिक अनुभव के दौरान अजमेर संभाग के विभिन्न जिलों में उपखंड अधिकारी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं देते हुए आमजन के बीच अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उनके कुशल नेतृत्व, कार्य के प्रति समर्पण और प्रशासनिक दक्षता ने विभागीय कार्यप्रणाली को सुदृढ़ किया। साथ ही आमजन के बीच भी गहरी छाप छोड़ी।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए बोर्ड प्रशासक श्री शक्ति सिंह राठौड़ ने कहा कि गजेंद्र सिंह राठौड़ एक दूरदर्शी, निर्णायक और प्रशासनिक क्षमता से परिपूर्ण अधिकारी रहे हैं। इनकी कार्यशैली सदैव अनुकरणीय रही है।
उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में लगभग 20 लाख बोर्ड परीक्षार्थियों का परिणाम अत्यंत कम समय में जारी कर एक ऎतिहासिक उपलब्धि हासिल की गई, जो उनकी कुशल प्रबंधन क्षमता और टीम भावना का प्रत्यक्ष उदाहरण है।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए श्री राठौड़ को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा सेवानिवृत्त हो रहे सहायक निदेशक श्री अजय ईनाणी एवं कर्मचारी गजमोहन शर्मा को भी शुभकामनाएं दीं।
श्री गजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव पद का दायित्व संभालते समय अनेक चुनौतियां सामने थीं, जिनमें राज्य सरकार के निर्देशानुसार नए शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने से पूर्व परीक्षा परिणाम जारी करना प्रमुख था। उन्होंने बताया कि यह लक्ष्य टीमवर्क, समर्पण और सतत प्रयासों के माध्यम से ही संभव हो सका।
उन्होंने बोर्ड के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्रतिबद्धता और सहयोग से ही यह ऎतिहासिक उपलब्धि संभव हुई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड भविष्य में देश के अग्रणी बोर्डों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।
बोर्ड सचिव श्रीमती नीतू यादव ने कहा कि श्री राठौड़ के नेतृत्व में प्रत्येक कर्मचारी को सीखने का अवसर मिला और उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान अनुशासन, पारदर्शिता और टीम भावना को हमेशा प्राथमिकता दी, जो आने वाले समय में भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए श्री राठौड़ के साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए और उनके सादगीपूर्ण व्यक्तित्व तथा सकारात्मक कार्यशैली की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन श्री बृजेश शर्मा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री नरेंद्र कुमार मीणा, मुख्य नियंत्रक श्री राजेश निर्वाण, वित्तीय सलाहकार श्री के.पी. सिंह, निदेशक प्रशासन श्री राजेंद्र पारीक, सहायक निदेशक श्री राजीव चतुर्वेदी, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री मोहन सिंह, महामंत्री श्री करण सिंह सहित संभाग के अनेक प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, बोर्ड कार्मिक एवं आमजन उपस्थित रहे।


