एसआईआर में आमजन एवं राजनीतिक दलों के सहयोग की अहम भूमिका : एडीसी
15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना फार्म वितरण एवं संग्रहण का करेंगे कार्य
सोनीपत/10 जून 2026 /अटल हिन्द /रणबीर सिंह रोहिल्ला,
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से बुधवार को अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में 32-गोहाना, 29-राई एवं 31-सोनीपत विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) द्वारा संयुक्त रूप से पत्रकारवार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकारवार्ता के दौरान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, समय-सीमा एवं आमजन की भागीदारी संबंधी विस्तृत जानकारी साझा की गई।
32-गोहाना विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ एवं अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने गोहाना विधानसभा क्षेत्र में चलाए जा रहे एसआईआर कार्यक्रम की जानकारी दी। वहीं 29-राई विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ एवं डीडीपीओ मनीष मलिक तथा 31-सोनीपत विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ एवं एसडीएम सुभाष चंद्र ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों एवं तैयारियों की जानकारी पत्रकारों के साथ साझा की।
तीनों ईआरओ ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मांगी जाने वाली जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध करवाएं, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य सुचारू एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जा सके।
उन्होंने राजनीतिक दलों से भी आह्वान किया कि उनके द्वारा नियुक्त बीएलए-2, संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर एसआईआर कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग दें। जिन राजनीतिक दलों ने अभी तक अपने बीएलए-2 नियुक्त नहीं किए हैं, वे शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित करें।
अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने बताया कि 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना फार्म वितरित करने एवं एकत्रित करने का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही 14 जुलाई तक मतदान केंद्रों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थीकरण की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके पश्चात 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। सूचना चरण के अंतर्गत नोटिस जारी करना, सुनवाई एवं सत्यापन की प्रक्रिया 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक चलेगी तथा अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
संबंधित ईआरओ ने बताया कि 32-गोहाना विधानसभा क्षेत्र में 214 मतदान केंद्र हैं, जिनके लिए 214 बीएलओ एवं 25 सुपरवाइजर कार्यरत हैं। 29-राई विधानसभा क्षेत्र में 218 मतदान केंद्रों पर 218 बीएलओ एवं 25 सुपरवाइजर कार्यरत हैं, जबकि 31-सोनीपत विधानसभा क्षेत्र में 224 मतदान केंद्रों के लिए 224 बीएलओ एवं 26 सुपरवाइजर कार्यरत हैं।
उन्होंने बताया कि एसआईआर कार्यक्रम को लेकर जिले में लगातार स्वीप गतिविधियों, जागरूकता कार्यक्रमों, पोस्टर एवं होर्डिंग्स के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम सही एवं अद्यतन सुनिश्चित कर सके।


