पानीपत में रिश्तों का खौफनाक अंत: पत्नी ने भतीजे संग मिलकर की पति की हत्या, 10 दिन में खुला राज
पानीपत /19 जून 2026/ अटल हिन्द ब्यूरो
हरियाणा के पानीपत जिले के गढ़ सरनाई गांव में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि एक महिला ने कथित प्रेम संबंधों के चलते अपने भतीजे के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 7 जून को गांव गढ़ सरनाई में करीब 40 वर्षीय व्यक्ति का शव उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान पाए जाने के बाद उसकी माता की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक की पत्नी और उसके भतीजे के बीच कथित रूप से नजदीकियां थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों ने मिलकर व्यक्ति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले खीर में नींद की गोलियां मिलाकर व्यक्ति को खिलाईं। उसके बेहोश होने के बाद महिला ने अपने भतीजे को घर बुलाया। इसके बाद दोनों ने मिलकर उसे जहरीला पदार्थ पिलाने और गंभीर चोटें पहुंचाने की कथित साजिश को अंजाम दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जांच अधिकारियों के अनुसार घटना को सामान्य या प्राकृतिक मौत का रूप देने का प्रयास भी किया गया था, लेकिन वैज्ञानिक साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य जांच के आधार पर पुलिस ने मामले की परतें खोल दीं।
डीएसपी मुख्यालय सतीश कुमार ने बताया कि मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि उसके भतीजे को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


