हल्के की एक-एक समस्या का जड़ से समाधान करना प्राथमिकता : भगवानदास कबीरपंथी
तरावड़ी भाजपा कार्यालय में लोगों की जनसुनवाई, कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण
तरावड़ी/27 जुलाई 2026/
विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने सोमवार को तरावड़ी अनाज मंडी स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में जनसुनवाई कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी व्यक्तिगत एवं क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर पहुंचे।
विधायक ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान करवाया। जनसुनवाई के दौरान सड़क, पेयजल, सीवरेज, बिजली, सफाई, पेंशन तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने कहा कि हल्के की एक-एक समस्या का जड़ से समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनसेवा और विकास की नीति पर कार्य कर रही है तथा क्षेत्र के विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि मेरे दरवाजे क्षेत्र की जनता के लिए 24 घंटे खुले हैं। कोई भी नागरिक अपनी समस्या लेकर कभी भी आ सकता है। जनता की सेवा ही मेरा पहला दायित्व है और प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का समाधान करवाना मेरी जिम्मेदारी है।
विधायक ने कहा कि विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव और शहर में समान रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे तथा किसी भी क्षेत्र की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।
जनसुनवाई में मौजूद लोगों ने अपनी समस्याओं के प्रति विधायक की गंभीरता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र का विकास और अधिक गति पकड़ेगा।
इस अवसर पर भाजपा मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत भारद्वाज, मंडी प्रधान सुभाष गुप्ता, देवेंद्र कामरा समेत कई लोग मौजूद रहे।

