सोनीपत उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा सोनीपत में 2 वर्ष के लिए बिजली वितरण, मरम्मत और रखरखाव का टेंडर हुआ जारी
सोनीपत। सोनीपत में बिजली वितरण, मरम्मत और रखरखाव के कार्य शुरू करने का रिब्बन काटकर शुभारंभ करते विधायक निखिल मदान।
रणबीर सिंह रोहिल्ला/01 अगस्त 2026 /सोनीपत/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
यूएचबीवीएन के सिटी एवं इंडस्ट्रियल एरिया उपमंडलों में ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस कार्यों तथा नवीन बिजली सुविधा केन्द्रों का विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन ने शनिवार को ओल्ड डीसी रोड पर उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा सोनीपत में बिजली वितरण, मरम्मत और रखरखाव के कार्य शुरू करने का रिब्बन काटकर शुभारंभ किया।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) के ऑपरेशन सर्किल, सोनीपत के अंतर्गत सिटी उपमंडल एवं इंडस्ट्रियल एरिया उपमंडल में ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस कार्यों तथा नवीन बिजली सुविधा केन्द्रों का शुभारम्भ आज अधीक्षण अभियंता (ऑपरेशन), ऑपरेशन सर्किल, यूएचबीवीएन, सोनीपत के कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक निखिल मदान, तथा विशिष्ट अतिथि मेयरर राजीव जैन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधीक्षण अभियंता (ऑपरेशन), ऑपरेशन सर्किल, यूएचबीवीएन मनीन्दर कादियान ने की।
मुख्य अतिथियों ने उपभोक्ताओं को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 14 मोटरसाइकिलों, 06 चार पहिया सेवा वाहनों तथा 02 हाइड्रा युक्त ट्रैक्टरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई व्यवस्था के अंतर्गत कुल 199 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम सिटी एवं इंडस्ट्रियल एरिया उपमंडलों में विद्युत वितरण प्रणाली के संचालन, रख-रखाव, फॉल्टों के त्वरित निवारण तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने का कार्य करेगी।
विधायक निखिल मदान ने कहा कि अब आने वाले समय में सोनीपत के लोगो को पॉवर कट और अन्य शिकायतों से राहत मिलेगी। एजेंसी द्वारा नियुक्त 200 कर्मचारी शिफ़्ट के माध्यम से आमजन की शिकायतों को दूर करने का काम करेंगे।
मेयर राजीव जैन ने कहा कि अब आने वाले समय में लोगों को निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति की जाएगी। सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर उपभोक्ताओं को यूएचबीवीएन द्वारा उपलब्ध विभिन्न शिकायत निवारण सुविधाओं की भी जानकारी दी गई।
किसी भी विद्युत शिकायत के लिए 1912 हेल्पलाइन, व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 9815961912 तथा नो-सप्लाई मिस्ड कॉल नंबर 9990231912 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, नवीन स्थापित बिजली सुविधा केन्द्र के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने हेतु सिटी उपमंडल एवं इंडस्ट्रियल एरिया उपमंडल के उपभोक्ता मोबाइल नंबर 9315609731 एवं 9355171621 पर सीधे संपर्क कर सकते हैं।
उपभोक्ता व्हाट्सएप के माध्यम से भी अपना नाम, पूरा पता, मोबाइल नंबर तथा शिकायत का संक्षिप्त विवरण भेजकर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं, जिससे शिकायत का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में यूएचबीवीएन द्वारा उपभोक्ता सेवाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नवीन बिजली सुविधा केन्द्रों, आधुनिक व्यवस्था, सेवा वाहनों एवं पर्याप्त तकनीकी स्टाफ की उपलब्धता से विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।
अधीक्षण अभियंता (ऑपरेशन) मनीन्दर कादियान ने बताया कि नई व्यवस्था के अंतर्गत निवारक अनुरक्षण ब्रेकडाउन प्रबंधन तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित एजेंसी एम/एस अंबुजा कंस्ट्रक्शन कंपनी को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं समयबद्ध सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में कार्यकारी अभियंता (ऑपरेशन), सिटी डिवीजन रणबीर देशवाल, एसडीओ (ऑपरेशन), सिटी उपमंडल प्रदीप खोखर, एसडीओ (ऑपरेशन), इंडस्ट्रियल एरिया उपमंडल कार्तिक रोहिल्ला, यूएचबीवीएन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी, एम/एस अंबुजा कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रतिनिधि जितेंद्र धनखड़ व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

