सरकार की अवैध प्रॉपर्टी” पर भी “चलाया गया सरकारी बुलडोजर ”
आरोपी रविंद्र उर्फ सरकार के ऊपर सवा दर्जन आपराधिक मामले
फरुखनगर/ 29 अप्रैल 2026/फतह सिंह उजाला
जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गुरुग्राम पुलिस ने भूमि माफियाओं और आदतन अपराधियों के खिलाफ एक सटीक एवं सशक्त अभियान चलाते हुए शहर में अवैध कब्जों/अवैध निर्माण के संगठित नेटवर्क पर करारा प्रहार किया जा रहा है। इसी कड़ी में पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर फरुखनगर क्षेत्र के गांव ताजनगर में अवैध रूप से किए गए मकान के निर्माण की पहचान कर मशीनरी की सहायता से पूरी तरह अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया, जिससे भूमि को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया।
इस कार्यवाही में अपराधी रविंद्र उर्फ सरकार निवासी गांव ताजनगर जिला गुरुग्राम को चिन्हित किया गया। उपरोक्त आरोपी हत्या,हत्या का प्रयास, डकैती करने, जबरन वसूली, शस्त्र अधिनियम जैसे गंभीर अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है तथा उपरोक्त आरोपी के विरुद्ध 15 अभियोग अंकित हैं। जांच में यह भी सामने आया कि उपरोक्त अपराधी द्वारा अवैध रूप से 350 वर्ग गज में 07 कमरों का दो मंजिला मकान बनाया हुआ था।
यह कार्यवाही अपराध शाखा फर्रूखनगर, गुरुग्राम द्वारा जिला प्रशासन के समन्वय से की गई। पुलिस की कड़ी निगरानी में अवैध संरचनाओं को हटाया गया। अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखी गई। गुरुग्राम पुलिस सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को शोषण से बचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे खुफिया-आधारित सख्त अभियान भविष्य में और अधिक तीव्रता के साथ जारी रहेंगे, ताकि गुरुग्राम को अपराध मुक्त एवं सुरक्षित बनाया जा सके।


