महिलाओं के नाम पर भाजपा की राजनीतिक नौटंकी एक बार फिर बेनकाब-पर्ल चौधरी
कांग्रेस विधायक दल का विशेष सत्र का बहिष्कार लोकतंत्र की रक्षा में दूरदर्शी कदम
निंदा प्रस्ताव से नहीं छिपेगा भाजपा का महिला आरक्षण वाला छल
गुरुग्राम/27 अप्रैल /फतह सिंह उजाला
हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती पर्ल चौधरी ने भाजपा की नायब सिंह सैनी सरकार द्वारा बुलाए गए विशेष विधानसभा सत्र को महिलाओं के नाम पर की जा रही “चोरी और सीनाजोरी” की राजनीति करार दिया है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भाजपा पहले देश की महिलाओं को गुमराह करती है। जब उसका राजनीतिक छल लोकसभा में उजागर हो जाता है, तो उल्टा विपक्ष पर निंदा प्रस्ताव लाकर दोष मढ़ने की कोशिश करती है। नायब सिंह सैनी सरकार द्वारा तीन दिवसीय बुलाए गए विधानसभा छत्रपति क्रिया व्यक्त हुए कही । श्रीमती चौधरी ने कहा कि 16, 17 और 18 अप्रैल को संसद में महिला आरक्षण के नाम पर बुलाया गया विशेष सत्र देश की 70 करोड़ महिलाओं को वास्तविक राजनीतिक भागीदारी देने का ईमानदार प्रयास नहीं था। बल्कि महिला सम्मान की आड़ में भाजपा का सत्ता-समीकरण साधने का राजनीतिक उपक्रम था। भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर अपना एजेंडा आगे बढ़ाना चाहती थी, लेकिन देश के जिम्मेदार विपक्ष ने अपने नेता राहुल गांधी जी के नेतृत्व में महिलाओं के नाम पर हो रहे छलावे तथा संविधान के साथ खिलवाड़ की मंशा को उजागर कर दिया।
जवाब कांग्रेस को नहीं बीजेपी को देना चाहिए
पर्ल चौधरी ने कहा कि अब जब भाजपा का यह ढोंग पूरी तरह बेनकाब हो चुका है तो हरियाणा में नायब सैनी सरकार विशेष सत्र बुलाकर विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लेकर आई है। यह भाजपा की उसी मानसिकता को दर्शाता है जिसे आम भाषा में चोरी और फिर सीनाजोरी कहा जाता है। महिलाओं को भ्रमित करने वाली भाजपा आज विपक्ष से जवाब मांग रही है, जबकि जवाब तो उसे स्वयं देश और प्रदेश की महिलाओं को देना चाहिए। भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि महिलाओं को वास्तविक और तत्काल राजनीतिक भागीदारी देने की बजाय हर बार उन्हें केवल चुनावी घोषणाओं, विशेष सत्रों और प्रचार अभियानों तक ही क्यों सीमित रखा जाता है। महिला सम्मान भाजपा के लिए केवल एक राजनीतिक आयोजन बनकर रह गया है, जबकि महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई आज भी अधूरी है।
संविधान की रक्षा के पक्ष में एक मजबूत संदेश
हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने हरियाणा कांग्रेस विधायक दल द्वारा लिए गए निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल ने भाजपा सरकार के इस भ्रामक विशेष सत्र का बहिष्कार कर लोकतंत्र, महिलाओं के सम्मान और संविधान की रक्षा के पक्ष में एक मजबूत संदेश दिया है। कांग्रेस विधायकों द्वारा समानांतर बैठक आयोजित कर भाजपा के निंदा प्रस्ताव की निंदा किया जाना इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के अधिकारों पर किसी भी प्रकार का राजनीतिक प्रपंच स्वीकार नहीं करेगी।
राव नरेंद्र और भूपेंद्र हुड्डा द्वारा जन भावनाओं के अनुरूप निर्णय
श्रीमती चौधरी ने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह तथा कांग्रेस विधायक दल के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा को इस उचित, दूरदर्शी सूझबूझ एवं जनभावनाओं के अनुरूप निर्णय के लिए बधाई एवं धन्यवाद दिया। श्रीमती चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के नाम पर राजनीति नहीं बल्कि महिलाओं के सम्मान, उनकी वास्तविक भागीदारी और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है । भाजपा के हर महिला-विरोधी, लोकतंत्र-विरोधी और जनविरोधी षड्यंत्र का हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस पुरजोर विरोध करती रहेगी।


